Crime News: सहपाठी ने युवती को ब्लैकमेल कर कई बार किया दुष्कर्म, मामला दर्ज

सीकर। जिले में एक युवती ने अपने सहपाठी युवक पर ब्लैकमेलिंग, दुष्कर्म और मानसिक प्रताड़ना के गंभीर आरोप लगाते हुए मामला दर्ज कराया है। पीड़िता का आरोप है कि युवक ने कथित रूप से अश्लील फोटो और वीडियो बनाकर उन्हें वायरल करने की धमकी दी तथा लंबे समय तक दबाव बनाकर प्रताड़ित किया। मामले में पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
कोतवाली थाना प्रभारी सुनील कुमार जांगिड़ के अनुसार पीड़िता ने शिकायत में बताया कि जब वह 19 वर्ष की थी, तब आरोपी युवक उसके साथ पढ़ाई करता था। शुरुआत में दोनों के बीच सामान्य बातचीत होती थी, लेकिन बाद में आरोपी ने मोबाइल और सोशल मीडिया के माध्यम से लगातार संपर्क बढ़ाया।
शिकायत के अनुसार युवक ने मिलने के बहाने युवती को बुलाया और कथित रूप से उसके साथ दुष्कर्म किया। विरोध करने पर जान से मारने की धमकी देने का आरोप भी लगाया गया है। पीड़िता का कहना है कि आरोपी ने इस दौरान उसके निजी फोटो और वीडियो रिकॉर्ड कर लिए। शिकायत में बताया कि आरोपी फोटो-वीडियो वायरल करने की धमकी देकर युवती को लगातार ब्लैकमेल करता रहा और कई बार दुष्कर्म किया।
लगातार मानसिक प्रताड़ना से परेशान होकर युवती ने परिजनों को पूरी जानकारी दी। इसके बाद परिवार के साथ कोतवाली थाने पहुंचकर आरोपी के खिलाफ शिकायत दर्ज करवाई गई। कोतवाली थाना प्रभारी सुनील कुमार जांगिड़ ने बताया कि पीड़िता की रिपोर्ट के आधार पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।