राजस्थान: फर्जी प्रवेश पत्र के सहारे UPSC परीक्षा देने पहुंचा युवक, जांच में सामने आई चौंकाने वाली वजह

राजस्थान: उदयपुर, UPSC परीक्षा में फर्जी प्रवेश पत्र के जरिए परीक्षा केंद्र में प्रवेश करने की कोशिश करने वाले एक युवक को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। आरोपी युवक को परीक्षा केंद्र पर दस्तावेज जांच के दौरान पकड़ा गया। प्रारंभिक जांच में मामला डमी कैंडिडेट का माना जा रहा था, लेकिन पूछताछ में सामने आई कहानी ने सभी को चौंका दिया।
पुलिस के अनुसार आरोपी युवक जयेश जाट को शहर के सूरजपोल थाना क्षेत्र स्थित फतह उच्च माध्यमिक विद्यालय परीक्षा केंद्र से पकड़ा गया। दूसरी पारी की परीक्षा दोपहर 2:30 बजे से 4:30 बजे के बीच आयोजित हो रही थी। इसी दौरान युवक प्रवेश के लिए पहुंचा, लेकिन बारकोड स्कैनिंग के समय उसका प्रवेश पत्र सत्यापित नहीं हो पाया, जिससे संदेह गहरा गया।
पुलिस ने युवक को हिरासत में लेकर पूछताछ की और तलाशी ली। तलाशी के दौरान उसकी जेब से करीब एक ग्राम अफीम भी बरामद होने की बात सामने आई। पुलिस के अनुसार आरोपी के खिलाफ संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।
पूछताछ में सामने आया कि युवक लंबे समय से प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहा था। उसने इंजीनियरिंग के बाद यूपीएससी परीक्षा की तैयारी शुरू की थी, लेकिन आवेदन की अंतिम तिथि निकल जाने के कारण फॉर्म नहीं भर सका। परिजनों, विशेषकर पिता को यह बात बताने से बचने के लिए उसने झूठ बोल दिया कि उसका परीक्षा केंद्र उदयपुर में आया है।
बताया जा रहा है कि पिता के साथ परीक्षा केंद्र जाने की स्थिति बनने पर युवक ने मोबाइल की मदद से कथित रूप से फर्जी प्रवेश पत्र तैयार कर लिया। पहली पारी में वह किसी तरह स्थिति संभालने में सफल रहा, लेकिन दूसरी पारी में संदेह बढ़ने पर वह परीक्षा केंद्र में प्रवेश करने पहुंचा, जहां दस्तावेज जांच के दौरान पकड़ा गया।
पुलिस का कहना है कि मामले की विभिन्न पहलुओं से जांच की जा रही है और यह भी पता लगाया जा रहा है कि फर्जी दस्तावेज तैयार करने में किसी अन्य व्यक्ति की भूमिका तो नहीं रही।