Murder Case: बेटी और बेटे के सामने पिता की कुल्हाड़ी से हत्या, पुराने विवाद में वारदात से सनसनी

post 406 (1)

उदयपुर। जिले के गोगुंदा क्षेत्र में एक दर्दनाक हत्या की वारदात सामने आई है, जहां पुराने विवाद के चलते एक व्यक्ति की कथित रूप से कुल्हाड़ी से हमला कर हत्या कर दी गई। घटना के दौरान मृतक के बेटे और बेटी भी मौके पर मौजूद थे। वारदात के बाद क्षेत्र में तनाव और सनसनी का माहौल है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

जानकारी के अनुसार मृतक करमाराम अपनी बेटी गीता और बेटे शंभू के साथ भैंस की तलाश में निकले थे। इसी दौरान तिलोई खादरा क्षेत्र में उन पर कथित रूप से फौजाराम गमेती और लक्ष्मण गमेती ने हमला कर दिया। आरोप है कि दोनों ने करमाराम पर कुल्हाड़ी से वार किए, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई।

घटना की सूचना मिलते ही बेकरिया थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार यह घटना शनिवार रात करीब 8 बजे की बताई जा रही है। वारदात के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए।

पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। मामले में एक आरोपी फौजाराम गमेती को डिटेन किए जाने की जानकारी सामने आई है, जबकि दूसरे आरोपी की तलाश जारी है।

इधर, घटना के करीब 45 घंटे बाद भी शव का पोस्टमार्टम नहीं हो सका है। परिजन दोनों आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग को लेकर अड़े हुए हैं। पुलिस परिजनों से समझाइश कर पोस्टमार्टम प्रक्रिया पूरी कराने का प्रयास कर रही है।