बीकानेर: ढाणी में आग से लाखों का नुकसान, सामान व चारा जलकर राख

5

बीकानेर: ढाणी में आग से लाखों का नुकसान, सामान व चारा जलकर राख

श्रीडूंगरगढ। देराजसर-सेरूणा सड़क मार्ग पर स्थित देराजसर गांव की रोही में रविवार दोपहर एक किसान की ढाणी में अचानक आग लग गई। तेज गर्मी और लू के बीच हुई इस घटना में पूरा परिवार प्रभावित हुआ और लाखों रुपये का नुकसान हो गया। जानकारी के अनुसार देवाराम सियाग की ढाणी के पास से गुजर रहे बिजली के ढीले तार आंधी के कारण आपस में टकरा गए। इससे निकली चिंगारी नीचे रखे सूखे पशु चारे पर गिर गई और चारा तुरंत आग पकड़ गया। कुछ ही पलों में आग ने विकराल रूप ले लिया और तेज हवा के कारण लपटें ढाणी व पशु बाड़े तक फैल गईं। आग लगते ही आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंच गए और राहत कार्य शुरू किया। ग्रामीणों ने सूझबूझ दिखाते हुए ढाणी में बंधे सभी गाय-भैंसों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया, जिससे बड़ा हादसा टल गया।

आग की चपेट में आने से किसान का पूरा गृहस्थी सामान, कपड़े, बर्तन, अनाज सहित पचास हजार रुपये नकद, दस क्विंटल मूंगफली बीज और दस बोरी खल-चूरी जलकर राख हो गए। सूचना के करीब एक घंटे बाद दमकल मौके पर पहुंची, लेकिन तब तक आग पर काबू पा लिया गया था। ग्रामीणों ने प्रशासन से सहायता की मांग की है।