Crime News : पति-पत्नी बैठे थे घर के बाहर, अचानक भतीजे ने किया चाकू से हमला, जानें पूरा मामला?

डूंगरपुर। कोतवाली थाना क्षेत्र के लालपुरा इलाके में एक व्यक्ति की हत्या के मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए 24 घंटे के भीतर आरोपी नाबालिग भतीजे को डिटेन कर लिया है।
थानाधिकारी अजय सिंह राव के अनुसार लालपुरा निवासी जरीना पत्नी सलीम खान ने दर्ज रिपोर्ट में बताया कि 21 मई की रात वह अपने पति सलीम खान के साथ घर के बाहर बैठी थीं। इसी दौरान उनकी जेठानी वहां पहुंची और किसी बात को लेकर विवाद शुरू हो गया। देखते ही देखते कहासुनी बढ़कर हाथापाई में बदल गई।
शिकायत के अनुसार विवाद के दौरान नाबालिग भतीजा कथित रूप से चाकू लेकर मौके पर पहुंचा और हमला कर दिया। हमले में सलीम खान सहित अन्य परिजन घायल हो गए। घायलों को उपचार के लिए जिला चिकित्सालय ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने सलीम खान को मृत घोषित कर दिया।
पुलिस ने रिपोर्ट के आधार पर मामला दर्ज कर जांच शुरू की और छानबीन के दौरान आरोपी नाबालिग भतीजे को डिटेन कर लिया। कार्रवाई में एसआई चंदूलाल, हेड कांस्टेबल मोहनपाल सिंह, प्रहलाद सिंह तथा कांस्टेबल जितेंद्र सिंह और नरेंद्र सिंह शामिल रहे।