Crime News: वीडियो कॉल पर पति से बात करते हुए महिला ने उठाया आत्मघाती कदम! CCTV फुटेज से प्रताड़ना का खुलासा

जयपुर। मुहाना थाना क्षेत्र स्थित बालाजी विहार में एक महिला द्वारा आत्महत्या किए जाने के मामले में नया मोड़ सामने आया है। मृतका के परिजनों ने पति पर दहेज प्रताड़ना, मारपीट और मानसिक उत्पीड़न के आरोप लगाते हुए आत्महत्या के लिए उकसाने का मामला दर्ज कराया है। पुलिस ने आरोपी पति के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार मृतका अनु मीणा (36) ने 7 अप्रैल को अपने घर में फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली थी। परिजनों का आरोप है कि घटना के समय वह अपने पति गौतम मीणा के साथ वीडियो कॉल पर थी। घटना के बाद परिवार ने मामले की जांच के दौरान कई अहम तथ्य सामने आने का दावा किया है।
मोबाइल में मिले सीसीटीवी फुटेज:-
मृतका के भाई नीरज मीणा ने बताया कि घटना के कुछ दिन बाद बच्चों से बातचीत के दौरान उन्हें जानकारी मिली कि अनु के मोबाइल फोन में कुछ वीडियो मौजूद हैं। इसके बाद परिवार ने मोबाइल की जांच की, जिसमें घर के सीसीटीवी फुटेज मिले। परिजनों के अनुसार इन फुटेज में आरोपी पति गौतम मीणा अनु के साथ कथित रूप से मारपीट करते और घर में तोड़फोड़ करते दिखाई दे रहा है।
शराब के नशे में मारपीट और प्रताड़ना के आरोप:-
परिजनों का आरोप है कि गौतम मीणा शराब के नशे में अक्सर अनु और बच्चों के साथ मारपीट करता था तथा दूसरी शादी करने की धमकी भी देता था। परिवार का कहना है कि गौतम मीणा लोक निर्माण विभाग (PWD) में एक्सईएन पद पर कार्यरत है। अनु और गौतम की शादी वर्ष 2015 में हुई थी और उनके दो बच्चे हैं।
परिजनों के अनुसार विवाह में लाखों रुपये खर्च किए गए थे, लेकिन इसके बावजूद आरोपी कथित रूप से दहेज की मांग को लेकर अनु को प्रताड़ित करता रहा। मृतका के भाई का आरोप है कि वर्ष 2022 में परिवार ने वैवाहिक संबंध बचाने के प्रयास में आरोपी को 20 लाख रुपये भी दिए थे, इसके बावजूद व्यवहार में कोई बदलाव नहीं आया।
पुलिस ने शुरू की जांच:-
परिजनों का कहना है कि घटना के करीब डेढ़ महीने बाद मोबाइल में मिले वीडियो सामने आने के बाद उन्होंने पुलिस से शिकायत की। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने आरोपी के खिलाफ आत्महत्या के लिए उकसाने सहित संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
एसीपी मानसरोवर आदित्य काकड़े ने बताया कि आरोपी गौतम मीणा की तलाश की जा रही है और मामले की विभिन्न पहलुओं से जांच जारी है।