प्रेम कहानी का दुखद अंत: किशोरी के बाद नहर में मिला लापता युवक का शव, सोशल मीडिया पर हुई थी दोस्ती

post 373 (1)

श्रीगंगानगर। सोशल मीडिया के जरिए शुरू हुई एक प्रेम कहानी का दर्दनाक अंत सामने आया है। घमूड़वाली थाना क्षेत्र की बारहमासी नहर में पिछले सप्ताह मिली किशोरी की लाश के बाद अब श्रीगंगानगर के लापता युवक का शव भी उसी नहर से बरामद किया गया है। घटना के बाद दोनों परिवारों में गहरा शोक व्याप्त है। चूनावढ़ क्षेत्र में शव मिलने पर हनुमानगढ़ पुलिस मौके पर पहुंची और शिनाख्त की प्रक्रिया पूरी की।

पुलिस के अनुसार मृतक युवक की पहचान श्रीगंगानगर के इंदिरा चौक क्षेत्र निवासी गौरव बोस के रूप में हुई है। उसका हनुमानगढ़ जंक्शन क्षेत्र की एक 16 वर्षीय किशोरी से प्रेम प्रसंग चल रहा था। दोनों की पहचान सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म के माध्यम से हुई थी और धीरे-धीरे बातचीत के बाद दोस्ती गहरी होती चली गई।

पहले किशोरी का शव मिला था नहर में:-

जांच में सामने आया है कि दोनों ने साथ जीने-मरने की कसमें भी खाई थीं। पिछले सप्ताह घमूड़वाली थाना क्षेत्र में बारहमासी नहर से स्कूल ड्रेस पहने एक किशोरी का शव बरामद हुआ था। पहचान नहीं होने पर पुलिस ने तस्वीरें सार्वजनिक की थीं, जिसके बाद हनुमानगढ़ जंक्शन पुलिस ने उसकी पहचान की पुष्टि की। किशोरी 13 मई से लापता थी और परिजनों ने उसकी गुमशुदगी दर्ज कराई थी।

जांच के दौरान पुलिस ने किशोरी के मोबाइल की कॉल डिटेल्स खंगाली तो श्रीगंगानगर निवासी गौरव बोस से लगातार संपर्क के तथ्य सामने आए। इसके बाद युवक की तलाश शुरू की गई, लेकिन वह भी अपने घर से लापता पाया गया।

सोशल मीडिया से जुड़ा था दोनों का संपर्क:-

हनुमानगढ़ जंक्शन थाना अधिकारी रामचंद्र कस्वां ने बताया कि प्रारंभिक जांच में दोनों के बीच सोशल मीडिया के जरिए संपर्क होने और प्रेम प्रसंग की पुष्टि हुई है। युवक का शव मिलने के बाद अब पुलिस पूरे मामले की सभी पहलुओं से जांच कर रही है।

पुलिस कर रही विस्तृत जांच:-

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि यह मामला संदिग्ध परिस्थितियों से जुड़ा है और सभी एंगल से जांच की जा रही है। प्रारंभिक तौर पर यह भी माना जा रहा है कि दोनों ने नहर में कूदकर आत्महत्या की होगी, हालांकि इसकी पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी।

इधर, गौरव के परिजनों ने दो दिन पहले पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुंचकर आरोप लगाया था कि हनुमानगढ़ जंक्शन पुलिस उनके घर पहुंची थी और तलाशी लेकर गौरव का मोबाइल फोन व अन्य दस्तावेज अपने साथ ले गई। परिजनों ने मामले की गंभीरता से जांच और युवक की तलाश तेज करने की मांग की थी।