अवैध कब्जे की शिकायत की तो बीच सड़क पर युवक के तोड़े हाथ-पैर, एसयूवी चढ़ाने की कोशिश

7

अवैध कब्जे की शिकायत की तो बीच सड़क पर युवक के तोड़े हाथ-पैर, एसयूवी चढ़ाने की कोशिश

भीनमाल (जालोर): जालोर जिले के भीनमाल शहर में अवैध कब्जे की शिकायत करने से नाराज बदमाशों द्वारा एक युवक पर जानलेवा हमला करने का गंभीर मामला सामने आया है। शुक्रवार शाम को करीब एक दर्जन बदमाशों ने बीच सड़क पर एक युवक की लाठियों और सरियों से बेरहमी से पिटाई की और उस पर गाड़ी चढ़ाने का प्रयास किया। इस सनसनीखेज वारदात के बाद से शांत माने जाने वाले भीनमाल क्षेत्र में दहशत का माहौल है। जानकारी के अनुसार, महावीर नगर-भीनमाल शहर के बालसमंद बांध के पास स्थित जमीन पर अवैध अतिक्रमण को लेकर गीगाराम देवासी नामक युवक ने प्रशासन को शिकायत दर्ज करवाई थी। इसी शिकायत से नाराज होकर कुछ लोग उससे रंजिश रखने लगे थे। शुक्रवार शाम को जब गीगाराम शहर के हाईस्कूल और माहेश्वर महादेव मंदिर के पास से गुजर रहा था। तभी कार और एसयूवी गाड़ियों में सवार होकर आए करीब 10 से अधिक बदमाशों ने उसे घेर लिया। बदमाशों ने गाड़ियों से उतरते ही गीगाराम पर ताबड़तोड़ हमला कर दिया। उन्होंने पीड़ित पर लाठियों और लोहे के सरियों से लगातार वार किए। हमलावरों ने गीगाराम को अपनी एसयूवी गाड़ी से कुचलकर जान से मारने की भी कोशिश की। खुद को बचाने के लिए पीड़ित पास ही स्थित एक दुकान के ऊंचे चबूतरे पर चढ़ गया, जिससे उसकी जान तो बच गई, लेकिन इस बेरहम मारपीट में उसके हाथ और पैर पूरी तरह टूट गए।

You may have missed