शादी के 13 दिन बाद भागी दुल्हन:घर से सोने-चांदी के जेवरात व कैश ले गई

6

शादी के 13 दिन बाद भागी दुल्हन:घर से सोने-चांदी के जेवरात व कैश ले गई

श्रीगंगानगर। सूरतगढ़ क्षेत्र में शादी के 13 दिन बाद दुल्हन घर से सोने-चांदी के जेवरात और नकदी लेकर फरार हो गई। आरोप है कि महिला इलाज के नाम 50 हजार लेकर गई। जब महिला को वापस लाने गया तो बताया कि वह भाग गई है। इस पर तलाश के नाम पर फिर रुपए लिए गए। अब दबाव डालने पर झूठे केस में फंसाने की धमकी दी जा रही है। कोर्ट के आदेश पर पुलिस ने केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। मामला राजियासर थाना क्षेत्र का है। शिकायतकर्ता ने न्यायिक मजिस्ट्रेट कोर्ट सूरतगढ़ में दी शिकायत में बताया – शादी के लिए गांव के राकेश कुमार के जरिए ढोलनगर निवासी (रिश्ता करवाने वाली) से संपर्क हुआ। इसके बाद उसे हनुमानगढ़ के कोल्हा गांव ले जाया गया, जहां कालासिंह ने अपनी पत्नी की भतीजी का रिश्ता दिखाया। परिवार को बताया गया कि लड़की अनाथ है और उसके घर की परिस्थितियां कमजोर हैं, जिसके बाद रिश्ता तय कर शगुन रस्म पूरी की गई। इसके बाद 9 मार्च 2026 को हनुमानगढ़ के गुरुद्वारा साहिब में विवाह कर दिया गया। शादी में परिवार की ओर से सोने-चांदी के जेवरात के साथ 1 लाख 10 हजार रुपए नकद दिए गए, जबकि बिचौलिए को 15 हजार रुपए भी दिए गए। शादी के बाद दुल्हन पति के घर रहने आ गई। 13 दिन बाद 22 मार्च 2026 को कालासिंह और उसकी पत्नी फिर से घर पहुंचे। बताया कि लड़की मां की तबीयत गंभीर है, इलाज के लिए 50 हजार रुपए की जरूरत है। परिवार ने भरोसा कर यह राशि भी दे दी। इसके बाद जब गुरप्रीत मनदीप को वापस लाने गया तो उसे टाल दिया गया और बाद में फोन पर बताया गया कि वह घर से भाग गई है। इसके बाद तलाश के नाम पर 35 हजार रुपए और लिए गए। शिकायत के अनुसार, जब पीड़ित ने और पैसे देने से इनकार किया तो आरोपियों ने धमकी दी कि लड़की नहीं मिलेगी और यदि विरोध किया तो झूठे केस में फंसा दिया जाएगा, जिससे वह जिंदगीभर जेल में सड़ता रहेगा। आरोप है कि कालासिंह, उसकी पत्नी , लड़की और ढोलनगर की एक अन्य ने मिलकर सुनियोजित षड्यंत्र रचते हुए शादी के नाम पर कुल 2 लाख 10 हजार रुपए नकद और सोने-चांदी के जेवरात ठग लिए। मामले में कोर्ट के आदेश पर राजियासर थाना पुलिस ने केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है, जिसकी जांच हेड कॉन्स्टेबल हरेंद्र सिंह कर रहे हैं।

You may have missed