दर्दनाक हादसा: खदान में डूबने से दो चचेरे भाइयों की मौत, खेलते समय हुआ हादसा

उदयपुर। शहर के उमरड़ा क्षेत्र में गुरुवार को एक दर्दनाक हादसे में पानी से भरी गहरी खदान में डूबने से दो चचेरे भाइयों की मौत हो गई। घटना के बाद पूरे इलाके में शोक की लहर फैल गई और बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर जमा हो गए। मृतक दोनों किशोर क्षेत्र के पूर्व सरपंच लोगर मीणा के पोते बताए जा रहे हैं।
जानकारी के अनुसार उमरड़ा निवासी 13 वर्षीय ओमकार मीणा और 15 वर्षीय कुंदन मीणा घर के पास खेल रहे थे। खेलते-खेलते दोनों किशोर क्रेशर प्लांट के निकट स्थित गहरी खदान के पास पहुंच गए, जिसमें काफी मात्रा में पानी भरा हुआ था। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार खदान के किनारे चलते समय अचानक संतुलन बिगड़ने से दोनों गहरे पानी में गिर गए। पानी अधिक गहरा होने और तैरना नहीं आने के कारण दोनों बाहर नहीं निकल सके।
कुछ ही देर में आसपास मौजूद लोगों को घटना की जानकारी लगी तो मौके पर अफरा-तफरी मच गई । ग्रामीणों ने तुरंत हिरणमगरी थाना पुलिस और नागरिक सुरक्षा विभाग को सूचना दी, जिसके बाद प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची और राहत-बचाव कार्य शुरू किया गया।
राजस्थान नागरिक सुरक्षा विभाग के उप नियंत्रक दीपेंद्र सिंह राठौड़ के अनुसार सूचना मिलते ही रेस्क्यू टीम को घटनास्थल पर भेजा गया। टीम ने मौके पर पहुंचकर गोताखोरों की सहायता से खदान में सर्च अभियान चलाया और कुछ देर बाद दोनों किशोरों के शव पानी से बाहर निकाल लिए गए। इसके बाद शव पुलिस को सुपुर्द कर दिए गए। हादसे के बाद पूरे गांव में मातम पसरा हुआ है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है ।