भारतमाला एक्सप्रेस वे पर दो पिकअप भिड़ी, दो की मौत, केबिन में फंसे शवों को क्रेन से निकाला

भारतमाला एक्सप्रेस वे पर दो पिकअप भिड़ी, दो की मौत, केबिन में फंसे शवों को क्रेन से निकाला
जोधपुर के बालेसर थाना क्षेत्र में दो पिकअप में भिड़ंत हो गई। हादसे में पीछे की पिकअप में सवार दो लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों के शव केबिन में फंस गए, जिन्हें क्रेन की सहायता से बाहर निकालना पड़ा। हादसा अमृतसर-जामनगर भारतमाला एक्सप्रेस वे पर आगोलाई के पास शुक्रवार सवेरे करीब 9 बजे हुआ। घटना की जानकारी मिलते ही बालेसर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शवों को बालेसर सीएचसी में रखवाया है। बालेसर थाना प्रभारी मूलसिंह भाटी ने बताया- दो पिकअप हरियाणा के हिसार से सांचौर जा रही थी। एक पिकअप में खेती के यंत्र भरे थे। जबकि दूसरी में लॉकर भरे हुए थे। बालेसर के खुड़ियाला गांव से आगे चलते ही कृषि यंत्र से भरी पिकअप आगे चल रही पिकअप से जा टकराई। टक्कर इतनी भीषण थी कि पीछे वाली पिकअप का केबिन पूरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गया, जबकि आगे वाली पिकअप में भारी सामान होने से वो रुक गई और आगे की तरफ से बुरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गई। हादसे में पीछे वाली पिकअप में सवार हरियाणा के कालावाली निवासी रणजीत सिंह (25) पुत्र लाब सिंह और रेशम (28) पुत्र मयंक सिंह की मौके पर ही मौत हो गई। दोनों के शव पिकअप के केबिन में बुरी तरह से फंस गए थे।