महिला लेक्चरर की कार की चपेट में आई 13 महीने की मासूम, दादा के सामने तड़प-तड़पकर दर्दनाक मौत

महिला लेक्चरर की कार की चपेट में आई 13 महीने की मासूम, दादा के सामने तड़प-तड़पकर दर्दनाक मौत
जयपुर: एयरपोर्ट थाना क्षेत्र के आदिनाथ नगर में गुरुवार शाम एक हादसे ने पूरे इलाके को झकझोर दिया। घर के बाहर खेल रही 13 महीने की मासूम दीया उर्फ किट्टू कार की चपेट में आ गई। गंभीर रूप से घायल बच्ची को परिजन तत्काल अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया। वहीं, स्थानीय लोगों में भी भारी आक्रोश है। बता दें कि गुरुवार देर रात तक परिजन और कॉलोनी के लोग पड़ोसी आरोपी महिला चालक की गिरफ्तारी की मांग को लेकर जवाहर सर्कल स्थित निजी अस्पताल परिसर में धरने पर बैठ गए। हादसा गुरुवार शाम करीब 6:30 बजे हुआ। आदिनाथ नगर निवासी महिला लेक्चरर काजल कॉलेज से कार लेकर घर पहुंची थी।
उसी समय गली में मौजूद दीया वाहन की चपेट में आ गई। टक्कर लगने से बच्ची के सिर में गंभीर चोट आई और मौके पर अफरा-तफरी मच गई। हादसे के बाद परिजन और स्थानीय लोग अस्पताल परिसर में धरने पर बैठ गए। प्रदर्शनकारियों ने आरोपी महिला चालक को तुरंत गिरफ्तार करने की मांग की। देर रात तक लोग मौके पर डटे रहे और पुलिस प्रशासन से गिरफ्तारी की मांग करते रहे। पुलिस प्रशासन ने एयरपोर्ट थाना पुलिस के अलावा शहर के आठ से अधिक थानों का जाप्ता मौके पर लगाया गया। अधिकारियों ने लोगों को समझाने का प्रयास किया, लेकिन परिजन कार्रवाई की मांग पर अड़े रहे।