विवाह से 3 दिन पहले दूल्हे सहित तीन की मौत, शादी वाले घर में पसरा मातम

विवाह से 3 दिन पहले दूल्हे सहित तीन की मौत, शादी वाले घर में पसरा मातम
नागाणी (सिरोही)। राजस्थान के सिरोही जिले में भीषण सड़क हादसे में तीन युवाओं की मौके पर ही मौत हो गई। हादसा रेवदर क्षेत्र के डबाणी के पास हुआ। हादसे के बाद मौके पर भीड़ जमा हो गई और करीब आधे घंटे तक जाम लगा रहा। जानकारी के अनुसार नेशनल हाईवे-168 पर एक तेज रफ्तार ट्रेलर ने बाइक को टक्कर मार दी। हादसे में बाइक के परखच्चे उड़ गए और अनादरा क्षेत्र के खरुआड़ा गांव के तीन युवकों की मौके पर ही मौत हो गई। इनमें से एक युवक की 24 मई को शादी थी। वह अपने चचेरे भाई और मामा के साथ खरीदारी कर घर लौट रहा था।
प्रत्यक्षदर्शी अशोक कुमार माली ने बताया कि तेज रफ्तार ट्रेलर ने बाइक सवार तीन युवकों को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि तीनों युवक कई मीटर दूर जाकर गिर पड़े। हादसे के बाद ट्रेलर चालक वाहन लेकर मौके से फरार होने लगा, लेकिन स्थानीय युवाओं ने उसका पीछा किया।
करोटी के पास टोल टैक्स के नजदीक चालक ट्रेलर छोड़कर जंगल की ओर भाग गया। हादसे में मारे गए तीनों युवक अनादरा के पास खरुआडा गांव के निवासी हैं। मृतकों की पहचान गोविंद गरासिया(27 वर्ष) पिता साहिबाजी गरासिया, नरमा राम गरासिया (25 वर्ष) पिता बाबूलाल गरासिया, रमेश गरासिया (27 वर्ष) पिता छोगाराम गरासिया के रूप में हुई।