पार्टी देकर लौट रहे रिटायर्ड प्रिंसिपल की मौत, बाइक समेत सड़क पर खुले नाले में गिरे

पार्टी देकर लौट रहे रिटायर्ड प्रिंसिपल की मौत, बाइक समेत सड़क पर खुले नाले में गिरे
कोटा में बाइक सहित नाले में गिरने से रिटायर्ड प्रिंसिपल की मौत हो गई। उनकी लाश गुरुवार सुबह करीब 10 बजे नाले में बाइक के नीचे दबी मिली। घटना बोरखेड़ा थाना क्षेत्र स्थित गोकुल कॉलोनी की है। सुभाष नगर द्वितीय निवासी रामेश्वर रावत (60) अपने परिचितों को रिटायरमेंट की पार्टी देकर घर लौट रहे थे।मृतक के भतीजे मनीष रावत ने बताया- बुधवार दोपहर करीब 3 बजे रामेश्वर रावत घर से समाज की मीटिंग में जाने की बात कहकर निकले थे। रातभर उनका मोबाइल स्विच ऑफ आता रहा। वह घर नहीं लौटे। गोकुल कॉलोनी के खुले नाले में गुरुवार सुबह लोगों ने एक बाइक पड़ी देखी। उन्होंने पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची बोरखेड़ा थाना पुलिस ने बाइक को बाहर निकलवाया। उसके नीचे एक व्यक्ति दबा मिला। पुलिस तुरंत उसे एमबीएस हॉस्पिटल लेकर पहुंची, जहां डॉक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने बाइक नंबर के आधार पर पहचान कर परिजन को सूचना दी। मनीष रावत ने बताया- रामेश्वर रावत दो महीने पहले ही झाड़ गांव स्थित सरकारी स्कूल से प्रिंसिपल के पद से रिटायर हुए थे। बुधवार को उन्होंने पहले समाज की मीटिंग में हिस्सा लिया। इसके बाद अपने स्टाफ के लोगों को पार्टी दी थी। देर रात घर लौटते समय उनकी बाइक अनियंत्रित होकर खुले नाले में गिर गई। वे रातभर नाले में ही पड़े रहे।