चाय बेचने वाला बनकर पुलिस ने नाबालिग को बचाया, बीकानेर से नाबालिग को भगाने वाले आरोपी को यहां से दबोचा

चाय बेचने वाला बनकर पुलिस ने नाबालिग को बचाया, बीकानेर से नाबालिग को भगाने वाले आरोपी को यहां से दबोचा
बीकानेर। नाबालिग लड़की को घर से ले जाने के आरोपी को पुलिस ने 1200 किलोमीटर दूर उत्तराखंड के केदारनाथ के पास एक गांव से गिरफ्तार किया है। मामला बीकानेर जिले के नोखा थाना क्षेत्र का है। पुलिस ने चाय वाले का भेष बदलकर आरोपी को पकड़ा और नाबालिग को सुरक्षित बरामद किया। आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया। थानाधिकारी अरविंद भारद्वाज ने बताया – 27 अप्रैल को नोखा थाने में नाबालिग लड़की के लापता होने की रिपोर्ट दर्ज हुई। कार्रवाई करते हुए साइबर थाने में तैनात एएसआई दीपक यादव लगातार आरोपी की लोकेशन ट्रेस कर रहे थे।
लेकिन आरोपी केवल कुछ सेकंड के लिए ही अपना मोबाइल ऑन करता था, जिससे उसे ट्रैक करना मुश्किल हो रहा था। जांच में पता चला कि आरोपी नाबालिग को लेकर ऋषिकेश के रास्ते केदारनाथ पहुंच गया था। इसके बाद पुलिस टीम नोखा से 17 मई शाम को उत्तराखंड के लिए रवाना हुई। सोनप्रयाग से आगे, टीम ने बिना वर्दी के पहाड़ी रास्तों पर लगभग 8 घंटे तक पैदल चढ़ाई की। आखिरकार, पुलिस को केदारनाथ के पास एक छोटे से गांव में आरोपी की लोकेशन मिली। पुलिस वहां पहुंची और 19 मई की सुबह करीब 5 बजे चाय वाला बनकर और “चाय ले लो, चाय गरम” कहकर दरवाजा खुलवाया। जैसे ही आरोपी ने दरवाजा खोला, पुलिस ने उसे पहचान कर तुरंत दबोच लिया। पुलिस आरोपी और नाबालिग को लेकर 20 मई को नोखा पहुंची। यहां नाबालिग को उसके परिजनों को सौंप दिया गया, जबकि आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस अब मामले में शामिल अन्य लोगों की भी जांच कर रही है।