एक्सप्रेस वे पर मिला युवक का शव, पुलिस को आशंका-चलती गाड़ी से नीचे फेंका

एक्सप्रेस वे पर मिला युवक का शव, पुलिस को आशंका-चलती गाड़ी से नीचे फेंका
दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेस वे पर शव मिलने के बाद सनसनी फैल गई। पुलिस को आशंका है कि किसी ने युवक को चलती गाड़ी एक्सप्रेस वे से नीचे फेंक दिया था। मामला सवाई माधोपुर जिले के खिरनी थाना इलाके का है। शव मंगलवार रात सवासा गांव के अंडरपास के पास मिला। सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और आस-पास के सीसीटीवी खंगाले। घटना की जानकारी मिलते ही खिरनी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का जायजा लिया। पुलिस ने आसपास के क्षेत्र में जांच पड़ताल कर सबूत जुटा। प्रारंभिक जांच में आशंका जताई जा रही है कि अज्ञात व्यक्ति को किसी चलती गाड़ी से एक्सप्रेस वे के नीचे फेंका गया है। हालांकि पुलिस फिलहाल हर एंगल से मामले की जांच कर रही है और किसी निष्कर्ष पर पहुंचने से बच रही है।
सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है पुलिस
पुलिस के अनुसार मृतक की पहचान अब तक नहीं हो सकी है। ऐसे में आसपास के थाना क्षेत्रों में गुमशुदगी की जानकारी जुटाई जा रही है। शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया है, ताकि मौत के सही कारणों का पता लगाया जा सके। वहीं पुलिस घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाल रही है। एक्सप्रेसवे से गुजरने वाले वाहनों की भी जांच की जा रही है।