बीकानेर: दो बाइकों की भीषण भिड़ंत, महिला सहित तीन गंभीर घायल

बीकानेर। बज्जू से गोडू जाने वाले मुख्य सड़क मार्ग पर सोमवार रात करीब 9 बजे दो मोटरसाइकिलों के बीच जोरदार भिडंत हो गई।हादसा इतना भीषण था कि दोनों बाइकों के परखच्चे उड़ गए और एक महिला सहित तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को तत्काल बीकानेर के पीबीएम अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका उपचार जारी है। चिकित्सकों के अनुसार तीनों की हालत फिलहाल खतरे से बाहर बताई जा रही है।
जानकारी के अनुसार गोडू निवासी प्रेम कुमार पुत्र पाबूराम अपनी पत्नी के साथ बाइक पर सवार होकर बज्जू से अपने घर लौट रहे थे। इसी दौरान आगे चल रही बाइक सवार ओम विष्णु भांभू ने अचानक बिना किसी संकेत के मोटरसाइकिल मोड़ दी। अचानक हुए इस मोड़ के कारण पीछे आ रहे प्रेम कुमार अपनी बाइक पर नियंत्रण नहीं रख पाए, जिससे दोनों बाइकों के बीच जोरदार भिड़ंत हो गई।
हादसे के बाद तीनों सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए। मौके पर मौजूद राहगीरों और ग्रामीणों ने तत्काल मदद करते हुए घायलों को संभाला और तुरंत बीकानेर के पीबीएम अस्पताल पहुंचाया। समय पर उपचार मिलने से बड़ा हादसा टल गया।