Accident : खाद से भरा ट्रक खाई में पलटा, परिचालक की दर्दनाक मौत, चालक गंभीर घायल

post 317 (1)

बारां। राष्ट्रीय राजमार्ग-27 पर सोमवार को शाहबाद घाटी क्षेत्र में एक दर्दनाक सड़क हादसा सामने आया। खाद से लदा एक तेज रफ्तार ट्रक अचानक अनियंत्रित होकर पलट गया और सड़क किनारे खाई की तरफ जा गिरा। हादसा इतना भीषण था कि ट्रक का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। ट्रक के केबिन में चालक और परिचालक फंस गए। दुर्घटना में ट्रक के परिचालक (खलासी) की ट्रक के नीचे दबने से मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई, जबकि चालक गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल चालक को स्थानीय अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसका इलाज जारी है।

जानकारी के मुताबिक, हादसा सोमवार सुबह करीब 11 बजे मुंडियर टोल प्लाजा से लगभग पांच किलोमीटर आगे शाहबाद घाटी क्षेत्र में हुआ। शाहबाद घाटी के घुमावदार रास्ते पर अचानक ट्रक चालक का संतुलन बिगड़ गया, जिसके चलते ट्रक बेकाबू होकर पलट गया। ट्रक में खाद भरी हुई थी। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और बड़ी संख्या में राहगीर व स्थानीय लोग घटनास्थल पर जमा हो गए।

जेसीबी की मदद से अलग किया गया केबिन:-

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम तत्काल मौके पर पहुंची। एएसआई रामचंद्र, कांस्टेबल वीरेंद्र और आनंद ने स्थानीय ग्रामीणों तथा राहगीरों की सहायता से राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। हादसे के बाद ट्रक का केबिन पेड़ों में फंस गया था, जिससे रेस्क्यू अभियान में काफी दिक्कतें आईं। पुलिस ने कटर मशीन मंगवाई और जेसीबी की सहायता से क्षतिग्रस्त केबिन को बाहर निकालने की प्रक्रिया शुरू की।

कटर मशीन से काटकर निकाला गया शव:-

करीब एक घंटे तक चले रेस्क्यू ऑपरेशन के बाद पुलिस और स्थानीय लोगों की मदद से ट्रक के केबिन को अलग किया गया। काफी मशक्कत के बाद परिचालक के शव को बाहर निकाला जा सका। इस दौरान घटनास्थल पर लोगों की भारी भीड़ जमा रही। स्थानीय ग्रामीणों ने भी बचाव अभियान में अहम सहयोग दिया।

मध्य प्रदेश के रहने वाले थे चालक और खलासी:-

पुलिस ने मामला दर्ज कर दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है। शुरुआती जांच में हादसे की वजह ट्रक का संतुलन बिगड़ना माना जा रहा है। पुलिस के अनुसार मृतक खलासी की पहचान महेंद्र (38) पुत्र राधे निवासी जामखोह, थाना सिरसौद, शिवपुरी, मध्य प्रदेश के रूप में हुई है। वहीं घायल चालक की पहचान प्रकाश चंद (52) पुत्र बाबूलाल निवासी फतेहपुर, शिवपुरी, मध्य प्रदेश के रूप में हुई है। पुलिस ने परिजनों को फोन के जरिए हादसे की सूचना दे दी है।