हाईवे पर कार-डंपर में भिड़ंत, व्यक्ति की मौके पर मौत

हाईवे पर कार-डंपर में भिड़ंत, व्यक्ति की मौके पर मौत
कोटा-दौसा मेगा हाईवे पर देईखेड़ा के पास कार और डंपर की भिड़ंत में व्यक्ति की मौके पर ही मौत हो गई। यह हादसा इन्द्रगढ़ सुमेरगंजमंडी के देईखेड़ा क्षेत्र में आडा गेला पेट्रोल पंप के निकट हुआ। पुलिस ने बताया कि डंपर कापरेन की ओर जा रहा था, जबकि कार लाखेरी की दिशा में जा रही थी। आडा गेला पेट्रोल पंप के पास दोनों वाहन बेकाबू होकर टकरा गए।
सूचना मिलते ही देईखेड़ा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घायल कार सवार को अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। थानाधिकारी धारा सिंह ने बताया कि मृतक की पहचान राजेश कुमार मीणा (48 वर्ष) पुत्र जनसी लाल, निवासी रहमानपुरा, उनियारा, टोंक के रूप में हुई है। पुलिस ने मृतक के परिजनों को सूचना दी। परिजनों के पहुंचने के बाद शव का पोस्टमार्टम करवाकर उन्हें सौंप दिया गया। पुलिस ने मामला दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी है।