हनुमानगढ़: बस में टिकट मांगने पर युवक से मारपीट, लोहे की रॉड से हमला

post 163 (1)

हनुमानगढ़। जिले के भादरा क्षेत्र के मलसीसर गांव में बस में टिकट मांगने को लेकर विवाद इतना बढ़ गया कि एक युवक के साथ बेरहमी से मारपीट की गई। भादरा पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

पुलिस के अनुसार मलसीसर निवासी जितेंद्र कुमार पुत्र बालकिशन ब्राह्मण ने रिपोर्ट दी कि उसका पुत्र रजत शर्मा शुक्रवार दोपहर बस से गांव जा रहा था। आरोप है कि किराया देने के बावजूद कंडक्टर ने उसे टिकट नहीं दी। जब रजत ने टिकट मांगी तो कंडक्टर हरपाल उससे गाली-गलौज करने लगा।

इसी दौरान बस में सवार गांव का ही भगवानाराम महिया भी रजत से उलझ गया और हाथापाई करने लगा। बीच-बचाव के बाद मामला शांत हो गया, लेकिन आरोप है कि भगवानाराम ने फोन कर अपने साथियों को बुला लिया।

रिपोर्ट के मुताबिक, मलसीसर बस स्टैंड पर आरोपितों ने बस के आगे वाहन लगाकर बस रुकवाई और रजत को नीचे उतार लिया। इसके बाद भगवानाराम, राकेश, प्रदीप, मानसिंह खाती सहित अन्य लोगों ने युवक पर लोहे की रॉड से हमला कर दिया।

हमले में रजत के चेहरे, आंख, हाथ-पैर सहित शरीर के कई हिस्सों में गंभीर चोटें आईं। चिकित्सकों के अनुसार उसके चेहरे की हड्डी में फ्रैक्चर हुआ है। घायल का इलाज भादरा के सरकारी अस्पताल में चल रहा है।

पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। जांच की जिम्मेदारी अधिकारी महेंद्र कुमार को सौंपी गई है।