बीकानेर: जमीन दिलाने का झांसा देकर लाखों रूपए की ठगी करने का आरोप, पति-पत्नी के खिलाफ मामला दर्ज

post 147 (1)

बीकानेर: शहर में जमीन से जुडी धोखाधड़ी का एक मामला सामने आया है। इस संबंध में सदर थाना पुलिस ने दो आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

पुलिस के अनुसार करणीनगर लालगढ़ निवासी ठाकरूराम नाई पुत्र आसरूराम ने इस्तगासे के जरिए मामला दर्ज कराया है। परिवादी का आरोप है कि व्यास कॉलोनी निवासी अर्पिता शर्मा पत्नी धीरज गौड़ और धीरज गौड़ पुत्र खेमचंद शर्मा ने जमीन का बैनामा करवाने का झांसा देकर उससे धोखाधड़ी की।

रिपोर्ट में बताया गया कि आरोपियों ने फर्जी तरीके से इकरारनामा तैयार करवा लिया और रूपए भी ले लिए, लेकिन न तो जमीन का बैनामा करवाया गया और न ही रूपए वापस लौटाए गए।

मामले में कोर्ट के आदेश के बाद पुलिस ने पति-पत्नी के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।