Rajasthan: ANTF की कार्रवाई से घबराए तस्कर, पेट्रोल डाल कार फूंकी, जलती गाड़ी से डोडा पोस्त बरामद

पाली। जिले के देसूरी नाल क्षेत्र में शनिवार सुबह एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स ने अवैध डोडा पोस्त तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए एक तस्कर को गिरफ्तार किया। कार्रवाई के दौरान तस्करों ने पुलिस से बचने के लिए अपनी कार को आग के हवाले कर दिया, जिससे मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
जानकारी के अनुसार, एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स को अवैध मादक पदार्थों की तस्करी की सूचना मिली थी। इस पर टीम ने झीलवाड़ा से हरिओम आश्रम देसूरी की ओर आ रही संदिग्ध कार को रोकने का प्रयास किया। पुलिस को देखते ही कार चालक ने रूट बदलकर तेज रफ्तार में झीलवाड़ा की ओर भागने की कोशिश की।
इसी दौरान देसूरी नाल स्थित गजानन मंदिर के पास तस्कर ने खुद को घिरता देख कार पर पेट्रोल डालकर आग लगा दी। कुछ ही क्षणों में वाहन आग की लपटों में घिर गया और पूरी तरह जलकर खाक हो गया।
हालांकि, पुलिस और एंटी नारकोटिक्स टीम ने तत्परता दिखाते हुए जलती हुई कार से दो कट्टों में रखा डोडा पोस्त सुरक्षित निकाल लिया। मौके से एक आरोपी को भी दबोच लिया गया। बाद में दमकल की मदद से आग पर काबू पाया गया।
घटना के चलते देसूरी नाल मार्ग पर करीब एक घंटे तक यातायात प्रभावित रहा, जिसे पुलिस ने बेरिकेडिंग कर नियंत्रित किया।
मामले में पाली एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स के सूरजभान सिंह सहित देसूरी थाना पुलिस मौके पर मौजूद रही और कार्रवाई को अंजाम दिया। पुलिस ने गिरफ्तार तस्कर से पूछताछ शुरू कर दी है और पूरे नेटवर्क की जानकारी जुटाई जा रही है।