ACB Action: एसीबी टीम को देखते ही बौखलाया संविदाकर्मी, जेब से निकालकर फेंके घूस के रुपए

post 115 (1)

टोंक। भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (ACB) ने गुरुवार को बड़ी कार्रवाई करते हुए सीएमएचओ कार्यालय टोंक में कार्यरत संविदाकर्मी एवं कम्प्यूटर ऑपरेटर सोनू पंवार को 13 हजार रुपए की रिश्वत लेते रंगे हाथों गिरफ्तार किया। कार्रवाई के बाद स्वास्थ्य विभाग में हड़कंप मच गया।

एसीबी महानिदेशक गोविन्द गुप्ता ने बताया कि एक परिवादी ने शिकायत दी थी कि उसने मेडिकल स्टोर लाइसेंस के लिए आवेदन किया था, लेकिन प्रक्रिया आगे बढ़ाने के एवज में आरोपी लगातार रिश्वत की मांग कर रहा था।

शिकायत के सत्यापन के दौरान आरोपी ने 15 हजार रुपए मांगे। बाद में सौदेबाजी के बाद 13 हजार रुपए में बात तय हुई। इसके बाद एसीबी ने योजनाबद्ध तरीके से ट्रैप कार्रवाई की। उप महानिरीक्षक नारायण टोगस के सुपरविजन और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक झाबरमल के नेतृत्व में टीम ने कार्रवाई को अंजाम दिया।

एसीबी के अनुसार आरोपी ने परिवादी से कार्यालय में रिश्वत की राशि लेकर गिनी और पेंट की जेब में रख ली। इसी दौरान टीम मौके पर पहुंच गई। एसीबी को देखते ही आरोपी ने रुपए निकालकर कार्यालय के गेट के पास फर्श पर फेंक दिए, लेकिन टीम ने तुरंत राशि बरामद कर ली।

कार्रवाई के बाद आरोपी को मौके से गिरफ्तार कर लिया गया। एसीबी की अतिरिक्त महानिदेशक स्मिता श्रीवास्तव और महानिरीक्षक एस. परिमाला के निर्देशन में मामले की जांच जारी है। आरोपी के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत केस दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी गई है।