Accident : रामदेवरा से लौटते समय सड़क हादसा, कांस्टेबल सहित तीन की मौत

Accident: श्रीगंगानगर में पुलिस विभाग को झकझोर देने वाली एक दर्दनाक घटना सामने आई है। सड़क हादसे में एक कांस्टेबल सहित तीन लोगों की मौत हो गई, जिससे पूरे पुलिस महकमे में शोक की लहर दौड़ गई।
जानकारी के अनुसार, पुलिस थाना सदर की राजकीय चिकित्सालय पुलिस चौकी में तैनात कांस्टेबल संदीप कुमार महला का सड़क हादसे में निधन हो गया। यह हादसा उस समय हुआ जब वह रामदेवरा से दर्शन कर अपने परिवार के साथ लौट रहे थे।
हादसा इतना भीषण था कि कांस्टेबल महला, उनकी पांच वर्षीय बेटी और उनके एक साथी की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं उनकी पत्नी गंभीर रूप से घायल हो गईं, जिन्हें तुरंत अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनकी हालत नाजुक बनी हुई है।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस विभाग में शोक की लहर दौड़ गई। साथी पुलिसकर्मियों और अधिकारियों ने इसे अपूरणीय क्षति बताया। कांस्टेबल संदीप कुमार महला अपने कर्तव्यनिष्ठ और सरल स्वभाव के लिए जाने जाते थे।
मूल रूप से झुंझुनूं जिले के निवासी संदीप कुमार महला के निधन से उनके परिवार और गांव में गहरा शोक है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है और पूरे क्षेत्र में मातम का माहौल है।