Rajasthan: पुरानी रंजिश में खूनी वारदात, सोते परिवार पर हमला, एक की मौत, तीन घायल

Rajasthan: सीकर, जिले के रामगढ़ शेखावाटी क्षेत्र के तिहावली गांव में देर रात हुए खूनी हमले ने पूरे इलाके को दहला दिया। पुरानी रंजिश और कथित शिकायत से नाराज हमलावरों ने सो रहे एक ही परिवार पर धारदार हथियारों से हमला कर दिया। इस हमले में परिवार के मुखिया की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उनकी मां, पत्नी और बेटा गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद गांव में तनाव का माहौल बना हुआ है।
जानकारी के अनुसार, तिहावली निवासी प्रकाश सिंह (43) रविवार रात अपने घर में परिवार के साथ सो रहे थे। इसी दौरान देर रात कुछ लोग घर में घुस आए और कुल्हाड़ी, गंडासी व लाठी-डंडों से ताबड़तोड़ हमला कर दिया। हमले में प्रकाश सिंह की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उनकी मां नैन कंवर, पत्नी और बेटा अभिजीत गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद अलग-अलग अस्पतालों में रेफर किया गया, जहां अभिजीत की हालत नाजुक बताई जा रही है।
प्रारंभिक जानकारी में सामने आया है कि मृतक और मुख्य आरोपी के बीच पुरानी रंजिश चल रही थी। बताया जा रहा है कि किसी शिकायत को लेकर विवाद लंबे समय से चला आ रहा था, जो इस घटना की वजह बना।
घटना के बाद पुलिस की कार्यप्रणाली पर भी सवाल उठ रहे हैं। परिजनों का आरोप है कि सूचना देने के बावजूद पुलिस समय पर मौके पर नहीं पहुंची। हालांकि, पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है और आरोपियों की तलाश की जा रही है।
फिलहाल गांव में स्थिति को देखते हुए अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है। घटना के बाद ग्रामीणों में आक्रोश है और आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी की मांग की जा रही है।