खाजूवाला: विधायक विश्वनाथ मेघवाल के प्रयास लाए रंग, खाजूवाला सिटी जीएसएस अपग्रेडेशन को मिली मंजूरी

खाजूवाला। खाजूवाला कस्बे के हजारों बिजली उपभोक्ताओं के लिए राहत की खबर सामने आई है। लंबे समय से चल रही लो वोल्टेज और बार-बार ट्रिपिंग की समस्या से अब जल्द छुटकारा मिलने की उम्मीद है। विधायक डॉ. विश्वनाथ मेघवाल के प्रयासों के बाद जोधपुर डिस्कॉम ने खाजूवाला सिटी जीएसएस (ग्रिड सब स्टेशन) के अपग्रेडेशन को प्रशासनिक मंजूरी दे दी है।
जोधपुर डिस्कॉम के अधीक्षण अभियंता (पीपी एंड एम) द्वारा जारी आदेश के मुताबिक, वर्तमान में जीएसएस पर लगे 3150 केवीए क्षमता के दो पावर ट्रांसफार्मरों की जगह अब तीन उच्च क्षमता वाले 3150 केवीए ट्रांसफार्मर लगाए जाएंगे। इससे जीएसएस की कुल क्षमता में करीब 50 प्रतिशत तक बढ़ोतरी होगी।
अपग्रेडेशन के बाद शहर में बिजली आपूर्ति अधिक स्थिर और सुचारू हो सकेगी। खासतौर पर गर्मी के दिनों में ओवरलोड के कारण होने वाली अघोषित कटौती और ट्रिपिंग की समस्या में काफी कमी आने की संभावना है। साथ ही लो वोल्टेज की दिक्कत दूर होने से घरेलू उपकरणों का बेहतर संचालन संभव हो पाएगा।
बेहतर बिजली व्यवस्था का सीधा लाभ स्थानीय व्यापारियों, दुकानदारों और लघु उद्योगों को भी मिलेगा, जिससे क्षेत्र की आर्थिक गतिविधियों को गति मिलने की उम्मीद है।
विधायक डॉ. विश्वनाथ मेघवाल ने बताया कि शहर की बढ़ती आबादी और बिजली की बढ़ती मांग को देखते हुए जीएसएस का अपग्रेडेशन जरूरी था। उन्होंने कहा कि मंजूरी मिलते ही कार्य जल्द शुरू करवाया जाएगा, ताकि आमजन को शीघ्र राहत मिल सके।