खाजूवाला: पुलिस की बड़ी कार्रवाई, अवैध मादक पदार्थ के साथ दो युवक गिरफ्तार; पढ़े खबर

खाजूवाला। नशे के खिलाफ चलाए जा रहे ‘ऑपरेशन नीलकंठ’ के तहत खाजूवाला पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 4.34 ग्राम अवैध मादक पदार्थ (स्मैक) तथा एक हीरो स्प्लेंडर प्लस मोटरसाइकिल बरामद की है।
पुलिस के अनुसार, मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर सब इंस्पेक्टर हरपाल सिंह के नेतृत्व में टीम ने गांव 22 केवाईडी के पास दबिश दी। कार्रवाई के दौरान मौके से दो आरोपियों को गिरफ्तार किया गया।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान गौतम (24) पुत्र मनीराम, निवासी वार्ड नंबर 23, करणी कॉलोनी खाजूवाला तथा गोपीराम (27) पुत्र चुन्नीलाल, निवासी 7 पीएचएम खाजूवाला के रूप में हुई है।
प्रारंभिक पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि उन्होंने यह मादक पदार्थ संजय बिश्नोई उर्फ सेठी पुत्र धर्मवीर, निवासी वार्ड नंबर 4, चक 12 केएनडी, घड़साना से प्राप्त किया था।
पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया है। साथ ही इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की तलाश जारी है और मामले की गहन जांच की जा रही है।