खाजूवाला पुलिस का बड़ा एक्शन: अंतरराष्ट्रीय ड्रग नेटवर्क का खुलासा, जयपुर से दो सप्लायर दबोचे

post 1939 (1)

खाजूवाला, खाजूवाला पुलिस ने अवैध मादक पदार्थों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए दो शातिर सप्लायर्स को गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई ऑपरेशन “नीलकंठ” के तहत की गई, जिसमें पुलिस थाना पूगल में दर्ज प्रकरण संख्या 56/2026 में आरोपियों को पकड़ा गया।
वृताधिकारी अमरजीत चावला ने बताया कि बीकानेर रेंज के महानिरीक्षक के निर्देश तथा पुलिस अधीक्षक मृदुल कच्छावा के मार्गदर्शन में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) बनवारी लाल मीणा के निकटतम सुपरविजन में थाना टीम ने यह कार्रवाई की। अभियान “ऑपरेशन नीलकंठ” के तहत एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/21, 29 एवं 111(3) बीएनएस में दर्ज मामले में दो आरोपियों को जयपुर से डिटेन कर पूछताछ के बाद गिरफ्तार किया गया।

थानाधिकारी सुरेंद्र प्रजापत ने बताया कि गिरफ्तार आरोपियों की पहचान राहुल पुत्र संतोष (29) निवासी थाटीपुर, ग्वालियर (हाल निवासी सेक्टर-2, जवाहर नगर, जयपुर) और प्रशांत कन्याल पुत्र मोहन सिंह कन्याल (31) निवासी ग्वालियर (हाल निवासी सेक्टर-2, जवाहर नगर, जयपुर) के रूप में हुई है। जांच में सामने आया है कि दोनों आरोपी प्रकरण में वांछित राकेश प्रजापत तथा अन्य आरोपी खेताराम मेघवाल के आपराधिक नेटवर्क से जुड़े हुए हैं। यह गिरोह अंतरराष्ट्रीय तस्करों से संपर्क कर पाकिस्तान सीमा पार से ड्रोन के जरिए भेजी जा रही हेरोइन को प्राप्त कर मुख्य सरगना तक पहुंचाने का कार्य करता था।

पुलिस के अनुसार, गिरोह से जुड़े एक अन्य आरोपी संदीप पूर्व में 8-9 अप्रैल और 16-17 अप्रैल को भी खाजूवाला थाना क्षेत्र में बॉर्डर तक जाकर ड्रोन से आई अवैध हेरोइन को आगे सप्लाई कर चुका है।

फिलहाल दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर उनसे गहन पूछताछ की जा रही है और पूरे नेटवर्क की कड़ियां खंगाली जा रही हैं। पुलिस का कहना है कि मामले में अन्य आरोपियों की तलाश जारी है और जल्द ही और खुलासे हो सकते हैं।