Gold-Silver Price : 3 महीने में 53 हजार टूटा सोना, चांदी 1.90 लाख लुढ़की, आगे क्या हैं अनुमान?

post 1922 (1)

Gold-Silver Price: सोने और चांदी की कीमतों में उतार-चढ़ाव का दौर जारी है। करीब तीन महीने पहले, 29 जनवरी 2026 को सोने ने ऐतिहासिक ऊंचाई छूते हुए 2,02,984 रुपये प्रति 10 ग्राम का ऑल टाइम हाई बनाया था। उस समय शादियों के सीजन में बढ़ी कीमतों ने खरीदारों का बजट बिगाड़ दिया था। हालांकि अब दामों में नरमी आई है, लेकिन कीमतें अभी भी अपेक्षाकृत ऊंचे स्तर पर बनी हुई हैं।

तीन महीने में 52 हजार रुपये तक टूटा सोना:-

बुधवार को MCX (Multi Commodity Exchange) पर सोने का घरेलू वायदा भाव मामूली बढ़त के साथ 1,50,150 रुपये प्रति 10 ग्राम के करीब ट्रेड करता दिखा। यह 0.08% यानी करीब 123 रुपये की तेजी दर्शाता है। इसके बावजूद सोना अपने रिकॉर्ड हाई से करीब 52,834 रुपये नीचे आ चुका है।

चांदी में भी बड़ी गिरावट:-

सोने के साथ ही चांदी की कीमतें भी अपने ऑल टाइम हाई लेवल से काफी नीचे आ गई हैं। बुधवार को एमसीएक्स पर चांदी 0.59% यानी 1,468 रुपये की बढ़त के साथ 2,49,235 रुपये प्रति किलोग्राम पर ट्रेड करती नजर आई। बता दें कि 29 जनवरी 2026 को चांदी ने 4,39,337 रुपये प्रति किलोग्राम का ऑल टाइम हाई बनाया था। इस लिहाज से चांदी करीब 1,90,102 रुपये तक टूट चुकी है।

आगे क्या हैं अनुमान?

केडिया एडवाइजरी के फाउंडर अजय केडिया का कहना है कि फिलहाल सोना करेक्शन फेज में है, लेकिन लंबी अवधि में इसकी दिशा अभी भी सकारात्मक बनी हुई है। उनके अनुसार, यह गिरावट ट्रेंड रिवर्सल नहीं बल्कि अगले बड़े मूव का संकेत हो सकती है। महंगाई, बढ़ता कर्ज, भू-राजनीतिक तनाव और केंद्रीय बैंकों की खरीदारी जैसे फैक्टर सोने को सपोर्ट दे रहे हैं।

वैश्विक बाजार में भी हल्की तेजी:-

अंतरराष्ट्रीय बाजार में COMEX (Commodity Exchange Inc.) पर सोना 0.18% की बढ़त के साथ 4,616.60 डॉलर प्रति औंस के करीब ट्रेड करता दिखा, जबकि स्पॉट गोल्ड 4,604 डॉलर प्रति औंस के आसपास रहा।

वहीं चांदी की बात करें तो कॉमेक्स पर यह 74.28 डॉलर प्रति औंस और स्पॉट सिल्वर करीब 73.84 डॉलर प्रति औंस के स्तर पर कारोबार करता नजर आया।