होटल में छिपा था नशे का जाल, डॉग स्क्वॉड ने पकड़ी खेप, 41 किलो अफीम बरामद

चित्तौड़गढ़ जिले में अवैध मादक पदार्थ तस्करों के खिलाफ चलाए जा रहे ऑपरेशन ‘त्रिनेत्र’ के तहत पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। मंगलवाड़ थाना पुलिस ने डॉग स्क्वॉड के साथ संयुक्त कार्रवाई करते हुए नेशनल हाईवे पर स्थित एक होटल से भारी मात्रा में अफीम और डोडाचूरा बरामद कर होटल संचालक को गिरफ्तार किया है।
जिला पुलिस अधीक्षक मनीष त्रिपाठी के अनुसार, एएनटीएफ से मिली खुफिया सूचना के आधार पर एएसपी सरिता सिंह और डीवाईएसपी बड़ीसादड़ी देशराज कुलदीप के निर्देशन में टीम का गठन किया गया। पुलिस ने पालखेड़ी सरहद क्षेत्र में पहुंचकर होटल की घेराबंदी की, जहां पहले से मौजूद एएनटीएफ और डॉग स्क्वॉड ने संयुक्त रूप से सर्च ऑपरेशन चलाया।
डॉग स्क्वॉड की सूझबूझ से खुला राज:-
होटल परिसर की तलाशी के दौरान डॉग स्क्वॉड ने एक संदिग्ध स्थान की ओर इशारा किया। गहन जांच में वहां से 41 किलो 02 ग्राम अवैध अफीम और 267 ग्राम डोडाचूरा बरामद किया गया। मादक पदार्थ को होटल के कमरे में पैक कर छिपाया गया था, जिसे सामान्य जांच में पकड़ना मुश्किल था।
पुलिस ने मौके से आरोपी होटल संचालक देवीलाल अहीर, निवासी नंगाखेड़ा थाना मंगलवाड़ को गिरफ्तार कर लिया है। जब्त मादक पदार्थ को कब्जे में लेकर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी गई है।
कार्रवाई में एएसआई भैरूलाल जाट, टंवर सिंह, भान सिंह, शंकर कृष्ण और प्रदीप कुमार सहित सीआईडी-सीबी डॉग स्क्वॉड उदयपुर के जवान पूनमचंद और कमलेश की अहम भूमिका रही।
फिलहाल पुलिस आरोपी से पूछताछ कर रही है, ताकि यह पता लगाया जा सके कि मादक पदार्थ की यह खेप कहां से लाई गई और इसे किन क्षेत्रों में सप्लाई किया जाना था।