ट्रैक्टर-ट्रॉली ने खड़ी जीप को टक्कर मारी, बुजुर्ग की मौत, 2 घायल

ट्रैक्टर-ट्रॉली ने खड़ी जीप को टक्कर मारी, बुजुर्ग की मौत, 2 घायल
सवाई माधोपुर जिले के रवाजंना डूंगर थाना क्षेत्र में मंगलवार शाम तेज रफ्तार ट्रैक्टर-ट्रॉली ने खड़ी कमांडर जीप को टक्कर मार दी। हादसा मुंद्राहेड़ी के आगे बंधे के नजदीक हुआ। हादसे में बिचपुरी गुजरान निवासी काडू गुर्जर(60) पुत्र लक्ष्मीनारायण की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो बच्चियां गंभीर रूप से घायल हो गई। घटना के बाद मौके पर मौजूद लोगों ने ट्रैक्टर ड्राइवर ओमप्रकाश (45) पुत्र चतरू बंजारा निवासी चकदोलाकापुरा जिला श्योपुर मध्य प्रदेश को पकड़कर पुलिस को सौंप दिया। वहीं घायलों को तुरंत जिला अस्पताल पहुंचाया।
अस्पताल में डॉक्टरों ने काडू गुर्जर को मृत घोषित कर दिया। घायलों में 5 साल की कृपा गुर्जर पुत्री हंसराज गुर्जर की हालत गंभीर होने पर उसे जयपुर रेफर किया गया है। जबकि भारती(16) पुत्री मेवा लाल का इलाज सवाई माधोपुर जिला अस्पताल में जारी है। परिजनों के अनुसार, सभी लोग दिन में इंदरगढ़ माताजी के दर्शन कर लौट रहे थे। शाम करीब 7:30 बजे वे मुंद्राहेड़ी के पास पानी पीने के लिए रुके थे, तभी पीछे से आए खाली ट्रैक्टर-ट्रॉली ने उनकी जीप को टक्कर मार दी। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।