शादी में डांस कर रही बिजनेसमैन की पत्नी की मौत, 4 महीने पहले हुई थी मैरिज

शादी में डांस कर रही बिजनेसमैन की पत्नी की मौत, 4 महीने पहले हुई थी मैरिज
जालोर जिले के मोरसीम गांव में शादी समारोह में डांस कर रही बिजनेसमैन की पत्नी की मौत हो गई। बिंदौरी कार्यक्रम में डांस करते समय बिजनेसमैन की पत्नी अचानक गिर गई। परिजन तुरंत हॉस्पिटल लेकर पहुंचे, तब तक उसकी मौत हो चुकी थी। डॉक्टरों ने मौत का कारण हार्ट अटैक बताया। घटना सोमवार रात बागोड़ा कस्बे की है। जिसका वीडियो मंगलवार को सामने आया। मृतका दीपू (22) की चार महीने पहले ही शादी हुई थी। पति दिलीप कुमार का मुंबई में स्टील का बिजनेस है। शादी के बाद दीपू पहली बार ममेरे भाई-बहन की शादी में शामिल होने ननिहाल आई थी। दीपू के ममेरे भाई बागोड़ा कस्बे के मोरसीम गांव निवासी भंवर लाल ने बताया कि मेरे ताऊ लुंबाराम राजपुरोहित के बेटे और बेटी की शादी है। बेटी की शादी आज यानी 28 अप्रैल को है, बेटे की शादी एक मई को होनी है। शादी समारोह में शामिल होने के लिए दीपू सांचौर के सातड़ा गांव से ननिहाल आई थी। सोमवार रात करीब 9 बजे बिंदौरी कार्यक्रम में डीजे लगा था, सभी लोग डांस कर रहे थे। इस बीच डांस फ्लोर पर दीपू भी चढ़ गई और राजस्थानी गीतों पर डांस करने लगी। करीब 10 मिनट डांस करने के बाद उसकी तबीयत बिगड़ने लगी और अचानक जमीन पर गिर पड़ी। मौके पर मौजूद परिजनों ने उसे संभाला और मोरसीम गांव के सरकारी हॉस्पिटल लेकर गए।