बीकानेर: राजस्थान में गर्मी का कहर, स्कूल टाइमिंग और छुट्टी का फैसला अब कलेक्टर करेंगे, नया आदेश लागू

बीकानेर: राजस्थान में लगातार बढ़ती गर्मी और लू के प्रकोप को देखते हुए शिक्षा विभाग ने बड़ा कदम उठाया है। माध्यमिक शिक्षा निदेशालय ने छात्रों की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए स्कूल संचालन से जुड़े अहम अधिकार अब जिला कलेक्टरों को सौंप दिए हैं। नए आदेश के तहत सभी सरकारी और निजी स्कूलों के समय में बदलाव करने या जरूरत पड़ने पर अवकाश घोषित करने का अंतिम निर्णय संबंधित जिला कलेक्टर ही करेंगे।
16 मई तक लागू रहेगी विशेष व्यवस्था:-
माध्यमिक शिक्षा निदेशक सीताराम जाट द्वारा जारी निर्देशों के अनुसार यह व्यवस्था 16 मई 2026 तक प्रभावी रहेगी। कलेक्टर स्थानीय मौसम परिस्थितियों और तापमान को ध्यान में रखते हुए स्कूलों के समय में बदलाव कर सकेंगे। इसके लिए वे मुख्य जिला शिक्षा अधिकारी के साथ समन्वय करेंगे और मौसम विभाग की चेतावनियों के आधार पर जरूरी फैसले लेंगे। इससे बच्चों को तेज धूप और लू के जोखिम से बचाया जा सकेगा।
पहले से ही कई जिलों में बदला गया समय:-
हालांकि यह आदेश अब जारी हुआ है, लेकिन इससे पहले ही कई जिलों में प्रशासन ने अपने स्तर पर स्कूल टाइमिंग में बदलाव कर दिया था। खासकर पश्चिमी राजस्थान और शेखावाटी क्षेत्र में तापमान 44 डिग्री से ऊपर पहुंचने के कारण स्कूलों की समय-सारिणी पहले ही बदल दी गई थी। अब विभागीय आदेश के बाद इन फैसलों को औपचारिक मान्यता मिल गई है।
गर्म जिलों में सुबह की पारी लागू:-
बीकानेर में कलेक्टर निशांत जैन ने स्कूलों का समय सुबह 7:30 से 11:30 बजे तक निर्धारित किया है। वहीं श्रीगंगानगर, हनुमानगढ़, जैसलमेर, चूरू और बाड़मेर जैसे जिलों में भी स्कूलों की छुट्टी दोपहर 12 बजे से पहले की जा रही है। जयपुर सहित अन्य जिलों में भी जल्द ही नई गाइडलाइन जारी होने की संभावना है।
तेज गर्मी को देखते हुए यह भी माना जा रहा है कि जिन जिलों में तापमान 45 डिग्री के आसपास पहुंच रहा है, वहां छोटे बच्चों के लिए पूर्ण अवकाश पर भी विचार किया जा सकता है।