बीकानेर: तेज रफ्तार कैंपर ने टैक्सी को मारी टक्कर, 6 वर्षीय मासूम की मौत, 5 घायल

बीकानेर। नोखा थाना क्षेत्र में हुए एक दर्दनाक सड़क हादसे में छह वर्षीय मासूम बच्ची की मौत हो गई, जबकि पांच अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। सभी घायलों का बीकानेर के पीबीएम अस्पताल में उपचार जारी है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार घट्टू निवासी सीताराम मेघवाल ने नोखा थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई है। रिपोर्ट में बताया गया कि 24 जून को उनका भाई ताराचंद, पुत्र कुशाल, पुत्री गायत्री, बहन सरोज तथा उसकी बेटियां हस्तु (6) और सुमन टैक्सी में सवार होकर घट्टू से भामटसर जा रहे थे।
इसी दौरान रोही सलुंडिया स्थित सांवरिया सेठ किराणा एवं दुग्ध डेयरी के पास सामने से आ रही एक कैंपर गाड़ी ने तेज गति और लापरवाही से वाहन चलाते हुए टैक्सी को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि टैक्सी में सवार सभी लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।
हादसे के बाद राहगीरों की मदद से घायलों को नोखा के जिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने छह वर्षीय हस्तु को मृत घोषित कर दिया। प्राथमिक उपचार के बाद सरोज, सुमन, ताराचंद, कुशाल और गायत्री को बेहतर इलाज के लिए पीबीएम अस्पताल, बीकानेर रेफर किया गया, जहां उनका उपचार जारी है।
पुलिस ने मासूम के शव का पोस्टमार्टम करवाकर परिजनों को सौंप दिया है। मामले की जांच जारी है।