बीकानेर: डिग्गी में डूबने से युवक की मौत, पुलिस जांच में जुटी

बीकानेर। कालू थाना क्षेत्र में पानी की डिग्गी में डूबने से एक युवक की मौत हो गई। युवक घर की गायों को रोही में छोड़ने गया था। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार मृतक की पहचान वार्ड नंबर 6 निवासी अमाणाराम के रूप में हुई है। मृतक के पिता भंवरलाल जाट ने कालू थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई है। रिपोर्ट में बताया गया कि अमाणाराम गायों को चराने के लिए रोही में गया था।
इसी दौरान राजूराम ब्राह्मण पानी का टैंकर भरने के लिए तालाब खिलोरा स्थित डिग्गी पर पहुंचे, जहां उन्होंने अमाणाराम को पानी में डूबा हुआ देखा। उन्होंने तत्काल इसकी सूचना परिजनों को दी। परिजन मौके पर पहुंचे, लेकिन तब तक युवक की मौत हो चुकी थी।
सूचना पर कालू थाना पुलिस के सहायक उपनिरीक्षक हवासिंह पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने मर्ग दर्ज कर शव का पोस्टमार्टम करवाया और बाद में परिजनों को सौंप दिया। फिलहाल मामले की जांच की जा रही है।