हाई वोल्टेज करंट की चपेट में आया युवक, अस्पताल में भर्ती

श्रीगंगानगर। जिले में मंगलवार शाम 132 केवी विद्युत लाइन की चपेट में आने से 22 वर्षीय युवक गंभीर रूप से झुलस गया। घटना जवाहरनगर थाना क्षेत्र के गांव 20 जीजी की है।
जानकारी के अनुसार गुरप्रीत सिंह (22) अपने दोस्त योगेश के साथ एक मकान किराए पर लेने के लिए देखने गया था। शाम करीब 4 बजे जब वह मकान की छत पर सीढ़ियों के जरिए पहुंचा, तभी ऊपर से गुजर रही हाई वोल्टेज लाइन की चपेट में आ गया। बताया जा रहा है कि करंट का प्रभाव इतना तेज था कि वह नीचे गिर पड़ा।
हादसे के बाद मौके पर मौजूद उसके दोस्त और स्थानीय लोगों ने तुरंत उसे जिला अस्पताल पहुंचाया। डॉक्टरों के अनुसार युवक के शरीर का करीब 45 प्रतिशत हिस्सा झुलस गया है। फिलहाल उसकी हालत स्थिर बताई जा रही है और इलाज जारी है।
पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों ने घटना की जानकारी ली है तथा मामले की जांच की जा रही है।