बीकानेर: आंधी में सीढ़ियों से गिरे युवक की मौत, तेज हवा के कारण पैर फिसला

12

बीकानेर: आंधी में सीढ़ियों से गिरे युवक की मौत, तेज हवा के कारण पैर फिसला

बीकानेर। कोलायत कस्बे के उपरला बास क्षेत्र में तेज आंधी के दौरान हुए एक हादसे में 40 साल के युवक की मौत हो गई। मृतक की पहचान रमजान अली के रूप में हुई है, जो तीन जून को अपने घर की छत से नीचे उतरते समय सीढ़ियों से गिर गया था। गंभीर चोट लगने के बाद उसे पीबीएम अस्पताल में भर्ती कराया गया था, जहां शुक्रवार को उपचार के दौरान उसकी मृत्यु हो गई। पुलिस के अनुसार घटना तीन जून की है। उस समय क्षेत्र में तेज आंधी चल रही थी। रमजान अली घर की छत पर था और सीढ़ियों के माध्यम से नीचे उतर रहा था। इसी दौरान उसका पैर फिसल गया और वह सीढ़ियों से नीचे गिर पड़ा। हादसे में उसके सिर सहित शरीर के कई हिस्सों में गंभीर चोटें आईं। घायल अवस्था में परिजनों ने उसे तुरंत अस्पताल पहुंचाया। बाद में उसे पीबीएम अस्पताल रेफर किया गया, जहां उसका इलाज चल रहा था। सिर में गंभीर अंदरूनी चोट होने के कारण उसकी हालत लगातार नाजुक बनी रही। शुक्रवार को उपचार के दौरान उसने दम तोड़ दिया। मृतक के भाई अख्तर अली ने पुलिस को दी रिपोर्ट में बताया कि रमजान अली आंधी के दौरान सीढ़ियों से गिरकर घायल हो गया था। इलाज के बावजूद उसकी जान नहीं बचाई जा सकी। पुलिस ने मर्ग दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है। पोस्टमार्टम की कार्रवाई के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। घटना के बाद परिवार में शोक का माहौल है।