बीकानेर: युवक पर लाठी-सरियों से हमला, रास्ता रोककर की मारपीट

3

बीकानेर: युवक पर लाठी-सरियों से हमला, रास्ता रोककर की मारपीट

बीकानेर। नापासर थाना क्षेत्र के गांव मुंडसर में एक युवक पर रास्ता रोककर लाठी, कुल्हाड़ी और सरियों से हमला किया गया। इस मामले में पुलिस ने पांच नामजद सहित अन्य आरोपियों के खिलाफ विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। घायल युवक का पीबीएम ट्रॉमा सेंटर बीकानेर में उपचार चल रहा है। थाने के एएसआई गोकुलचंद मीणा ने बताया कि मुंडसर निवासी कालूराम मेघवाल ने रिपोर्ट दर्ज कराई है। रिपोर्ट के अनुसार, 24 मई की रात उसका भाई मुनीराम अपने परिजनों के साथ खेत से खाना खाकर घर लौट रहा था। इसी दौरान रास्ते में कुछ लोगों ने उनकी मोटरसाइकिल रुकवाकर हमला कर दिया।

परिवादी ने आरोप लगाया है कि हमलावरों ने लाठी, कुल्हाड़ी और सरियों से मुनीराम के साथ मारपीट की, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल मुनीराम का इलाज पीबीएम ट्रॉमा सेंटर बीकानेर में जारी है। रिपोर्ट में कैलाश, ईश्वरराम, सुंदरलाल, सुनील और दिनेश सहित कुछ अन्य लोगों को नामजद किया गया है। परिवादी का आरोप है कि हमलावर राजनीतिक रूप से प्रभावशाली हैं और उन्होंने मुनीराम को जान से मारने की नीयत से हमला किया था। पुलिस ने परिवादी की रिपोर्ट के आधार पर भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज किया है। एएसआई गोकुलचंद मीणा ने बताया कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है और आरोपियों की भूमिका की पड़ताल की जा रही है।