युवक की चाकू मारकर हत्या, खून से लथपथ मिला शव, क्षेत्र में फैली सनसनी

6

युवक की चाकू मारकर हत्या, खून से लथपथ मिला शव, क्षेत्र में फैली सनसनी

लाडनूं. (नागौर)। लाडनूं शहर में गुरुवार रात एक युवक की चाकू मारकर हत्या करने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। घटना सुजला कॉलेज तिराहे के पास रात करीब 10.15 बजे की है। राहगीरों ने खून से लथपथ युवक का शव पड़ा देख पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू की। पुलिस के अनुसार मृतक की पहचान सरफराज (22) पुत्र उमर दीन तेली निवासी चांद नगर, सुजानगढ़ के रूप में हुई । युवक के पेट और छाती पर चाकू के कई वार के निशान मिले हैं। आरोपियों ने उसकी बेरहमी से हत्या की। घटनास्थल से पुलिस ने वारदात में प्रयुक्त चाकू बरामद किया। सूचना मिलते ही जसवंतगढ़ थानाधिकारी राजेश कुमार और लाडनूं थाना प्रभारी शम्भू दयाल मीणा पुलिस जाब्ते के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने घटनास्थल को सीज कर साक्ष्य जुटाए। मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई ।