Weather Update: राजस्थान में सर्दी का कहर जारी, बारिश-कोहरे का अलर्ट, माउंट आबू में पारा माइनस 3 डिग्री पहुंचा
Weather Update: राजस्थान में सर्दी का कहर जारी, बारिश-कोहरे का अलर्ट, माउंट आबू में पारा माइनस 3 डिग्री पहुंचा
Weather Update: मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार 19 और 20 जनवरी को पूर्वी राजस्थान के कुछ इलाकों में बारिश होने की संभावना जताई गई है। भारतीय मौसम विभाग (IMD) के मुताबिक प्रदेश में 16 जनवरी तक शीतलहर का असर बना रहेगा। हालांकि, अगले पांच दिनों में तापमान में धीरे-धीरे बढ़ोतरी होने से कड़ाके की सर्दी से कुछ राहत मिलने की उम्मीद है। इसके बावजूद उत्तर-पश्चिम भारत में अगले 5-6 दिनों तक सुबह के समय घना कोहरा छाए रहने की चेतावनी जारी की गई है।
पश्चिमी राजस्थान में घने कोहरे का अलर्ट:-
15 जनवरी को पश्चिमी राजस्थान के कई हिस्सों में घना से बहुत घना कोहरा छाने की संभावना है। सुबह के समय दृश्यता घटकर 50 मीटर से भी कम रह सकती है। तापमान में उतार-चढ़ाव के चलते कुछ क्षेत्रों में अलसुबह घने कोहरे के साथ पाला पड़ने की आशंका भी जताई गई है, जिससे फसलों को नुकसान हो सकता है।
माउंट आबू में सीजन का सबसे ठंडा दिन:-
मौसम विभाग के आंकड़ों के अनुसार बीते 24 घंटों में पर्यटन स्थल माउंट आबू में कड़ाके की सर्दी से जनजीवन प्रभावित रहा। बुधवार को न्यूनतम तापमान में तीन डिग्री सेल्सियस की गिरावट दर्ज की गई, जिससे इस सीजन में पहली बार तापमान जमाव बिंदु से नीचे गिरकर माइनस 3 डिग्री सेल्सियस पर पहुंच गया। यह दिन अब तक का सबसे ठंडा दिन रहा। वहीं अधिकतम तापमान में भी एक डिग्री की गिरावट के साथ यह 24 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
खुले इलाकों में जमी बर्फ की परत:-
न्यूनतम तापमान माइनस 3 डिग्री पहुंचने से खुले मैदानों, बगीचों और खेतों में पेड़-पौधों की पत्तियों, सोलर प्लेटों, वाहनों की छतों और जलाशयों के किनारों पर बर्फ की मोटी परत जम गई। माउंट आबू के दूरदराज इलाकों में सुबह का नजारा पूरी तरह सफेद नजर आया। सूरज निकलने के बाद ही लोग रजाइयों से बाहर निकले।
बर्फीली हवाओं ने बढ़ाई ठिठुरन:-
दिन में आसमान साफ रहा और धूप भी निकली, लेकिन बर्फीली हवाओं के कारण ठंड का असर कम नहीं हुआ। दिनभर चलती शीतलहर ने लोगों को परेशान किया। शाम होते ही तापमान गिरने लगा और लोग फिर से ऊनी कपड़ों में लिपट गए। सर्दी से बचाव के लिए जगह-जगह लोग अलाव तापते और गर्म चाय का सहारा लेते नजर आए।