Weather Update: राजस्थान में मौसम बदलेगा करवट, 8 जून से तेज गर्मी और हीटवेव की संभावना

जयपुर। राजस्थान में पिछले कुछ दिनों से आंधी और बारिश के चलते लोगों को गर्मी से राहत मिली हुई है, लेकिन मौसम विभाग के अनुसार यह राहत अब ज्यादा समय तक नहीं रहने वाली है। 8 जून से प्रदेश में मौसम का मिजाज बदलने के साथ तापमान में 2 से 3 डिग्री सेल्सियस तक बढ़ोतरी होने की संभावना है। पश्चिमी राजस्थान के कई जिलों में एक बार फिर लू का असर देखने को मिल सकता है।
मौसम विज्ञान केंद्र जयपुर के अनुसार प्रदेश में सक्रिय परिसंचरण तंत्र और ऊपरी वायुमंडलीय सिस्टम के प्रभाव से अगले दो-तीन दिनों तक कुछ क्षेत्रों में आंधी और बारिश की गतिविधियां जारी रह सकती हैं। पूर्वी राजस्थान के कई इलाकों में मेघगर्जन के साथ हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना बनी हुई है।
हालांकि मौसम विशेषज्ञों का कहना है कि 8 जून से आंधी-बारिश की गतिविधियों में कमी आएगी और इसके साथ ही तापमान तेजी से बढ़ने लगेगा। विभाग के अनुसार जैसलमेर, बाड़मेर, बीकानेर, जोधपुर और आसपास के सीमावर्ती क्षेत्रों में 8 से 11 जून के दौरान अधिकतम तापमान 44 से 46 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है। इन क्षेत्रों में कहीं-कहीं हीटवेव चलने की भी संभावना है।
मौसम विभाग ने बताया कि वर्तमान में मौसमी ट्रफ श्रीगंगानगर क्षेत्र से होकर गुजर रही है। इसके अलावा जम्मू-कश्मीर के आसपास सक्रिय पश्चिमी विक्षोभ, पंजाब और उत्तर प्रदेश के ऊपर बने चक्रवाती परिसंचरण तंत्र तथा अरब सागर तक फैली ट्रफ लाइन के कारण प्रदेश के मौसम में बदलाव देखने को मिल रहा है। वहीं 11 जून के आसपास एक नया पश्चिमी विक्षोभ पश्चिमी हिमालयी क्षेत्रों को प्रभावित कर सकता है।
मौसम विभाग ने लोगों को बढ़ती गर्मी और संभावित लू को देखते हुए सतर्क रहने की सलाह दी है। दोपहर के समय अनावश्यक रूप से बाहर निकलने से बचने, पर्याप्त पानी पीने और धूप से बचाव के उपाय अपनाने की अपील की गई है।