Weather Update: पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से जयपुर, भरतपुर व बीकानेर संभाग में तीन दिन बारिश, बढेगी सर्दी
Weather Update: पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से जयपुर, भरतपुर व बीकानेर संभाग में तीन दिन बारिश, बढेगी सर्दी
Weather Update: राजस्थान में मौसम का मिजाज अब धीरे-धीरे बदलता नजर आ रहा है। मौसम विभाग के मुताबिक उत्तर-पूर्व ईरान और आसपास के क्षेत्रों में सक्रिय पश्चिमी विक्षोभ का असर आने वाले दिनों में उत्तर-पश्चिम भारत पर पड़ेगा। साथ ही सब-ट्रॉपिकल वेस्टर्ली जेट स्ट्रीम के पूरी तरह सक्रिय रहने से मौसम प्रणाली में हलचल बढ़ गई है।
17 और 18 जनवरी को राज्य के उत्तरी और पश्चिमी जिलों में कहीं-कहीं आंशिक बादल छाए रहने की संभावना जताई गई है। हालांकि इस दौरान मौसम सामान्यतः शुष्क ही बना रहेगा। कमजोर पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से अगले 48 घंटों में न्यूनतम तापमान में 2 से 3 डिग्री सेल्सियस तक बढ़ोतरी हो सकती है, जिससे सर्दी से कुछ राहत मिलने के आसार हैं।
मौसम विभाग के अनुसार 19 जनवरी से एक और पश्चिमी विक्षोभ उत्तर-पश्चिम भारत को प्रभावित कर सकता है। वहीं 22 से 24 जनवरी के बीच एक मजबूत पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने की संभावना है। इसके असर से जयपुर और भरतपुर संभाग के कुछ इलाकों में हल्की बारिश हो सकती है, जबकि बीकानेर संभाग में भी कहीं-कहीं बूंदाबांदी देखने को मिल सकती है।
17 से 21 जनवरी तक प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में मौसम शुष्क रहने का अनुमान है। आने वाले दिनों में संभावित बारिश को देखते हुए किसान और आमजन अपनी तैयारियां कर सकते हैं। कुल मिलाकर अगले सप्ताह ठंड से राहत और हल्की बारिश की संभावना के साथ मौसम में बदलाव देखने को मिलेगा।