श्रीगंगानगर बाल सुधार गृह में वार्डन की हत्या, तीन बाल अपचारियों पर डंडों से पीटकर मारने का आरोप

राजस्थान के श्रीगंगानगर स्थित बाल सुधार गृह में बुधवार रात एक सनसनीखेज घटना सामने आई। मामूली कहासुनी के बाद तीन बाल अपचारियों ने कथित रूप से वार्डन पर लकड़ी के डंडों से हमला कर दिया, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद पुलिस ने परिसर को सील कर जांच शुरू कर दी है।
श्रीगंगानगर। Rkhabar
श्रीगंगानगर जिले के पुरानी आबादी थाना क्षेत्र स्थित बाल सुधार गृह में बुधवार रात हुई हिंसक घटना ने सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। जानकारी के अनुसार, करीब रात 8:30 बजे किसी बात को लेकर तीन बाल अपचारियों और वार्डन साहबराम के बीच विवाद हो गया।
बताया जा रहा है कि विवाद बढ़ने पर तीनों बाल अपचारियों ने वार्डन पर लकड़ी के डंडों से हमला कर दिया। हमले में वार्डन के सिर पर गंभीर चोटें आईं और अत्यधिक रक्तस्राव होने के कारण उनकी मौके पर ही मौत हो गई।
पुलिस के अनुसार, घटना में शामिल तीनों बाल अपचारी बाल सुधार गृह में निरुद्ध थे। प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक इनमें से दो बाल अपचारी हत्या के मामलों में, जबकि एक एनडीपीएस एक्ट के मामले में यहां रखा गया था।
घटना की सूचना मिलते ही जिला कलेक्टर डॉ. अमित यादव, एडीएम प्रशासन सुभाष चौधरी, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक दीपक शर्मा सहित पुलिस और प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे। पुलिस ने तत्काल पूरे बाल सुधार गृह परिसर को सील कर दिया और सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी। फिलहाल किसी भी व्यक्ति के अंदर आने या बाहर जाने पर रोक लगा दी गई है।
घटनास्थल से साक्ष्य जुटाने के लिए फोरेंसिक टीम को भी बुलाया गया, जिसने मौके से आवश्यक नमूने एकत्र किए। मृतक वार्डन का शव श्रीगंगानगर के सरकारी अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया गया है, जहां पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंपा जाएगा।
पुलिस ने मामला दर्ज कर घटना के कारणों और सुरक्षा में हुई संभावित चूक की जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।