अजमेर में छात्रा से अनुचित व्यवहार के आरोप पर बवाल, ग्रामीणों ने प्रिंसिपल को पुलिस जीप से उतारकर पीटा

अजमेर। Rkhabar
पुष्कर के नजदीक कड़ैल गांव के राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय में कक्षा 9 की छात्रा से अनुचित व्यवहार के आरोप को लेकर सोमवार को जमकर हंगामा हुआ। मामले की जानकारी मिलने के बाद आसपास के गांवों से बड़ी संख्या में ग्रामीण स्कूल पहुंच गए और आरोपी प्रिंसिपल सुशील कुमार रिणवा के खिलाफ कार्रवाई की मांग करने लगे।
पुलिस आरोपी प्रिंसिपल को हिरासत में लेकर थाने ले जाने लगी तो ग्रामीणों ने पुलिस से धक्का-मुक्की कर उसे जीप से नीचे उतार लिया और उसके साथ मारपीट की। बाद में अतिरिक्त पुलिस जाप्ते ने प्रिंसिपल को सुरक्षा घेरे में लेकर मौके से रवाना किया।
पुलिस के सामने ग्रामीणों का प्रदर्शन
विरोध कर रहे ग्रामीण आरोपी को पैदल ले जाने की मांग पर अड़ गए और सड़क पर बैठकर नारेबाजी करने लगे। मौके पर पुलिस उपाधीक्षक (ग्रामीण) शमशेर सिंह, उपखंड अधिकारी गुरु प्रसाद तंवर और तहसीलदार इंद्रजीत सिंह चौहान पहुंचे और ग्रामीणों को समझाने का प्रयास किया।
एसडीओ ने विद्यालय में जाकर छात्रा से घटना के संबंध में जानकारी ली और उसकी लिखित रिपोर्ट भी ली। इसके बाद पुलिस आरोपी प्रिंसिपल को पुष्कर थाने लेकर पहुंची।
छात्रा से अनुचित व्यवहार का आरोप
जानकारी के अनुसार, प्रिंसिपल पर छात्रा के साथ अनुचित व्यवहार करने का आरोप लगने के बाद ग्रामीण स्कूल पहुंचे थे। ग्रामीणों ने प्रिंसिपल को एक कमरे में बंद कर दिया। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर उसे विद्यालय से बाहर निकालने का प्रयास किया, लेकिन ग्रामीणों के विरोध के चलते स्थिति तनावपूर्ण हो गई।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, आरोपी प्रिंसिपल के खिलाफ छात्रा से अनुचित व्यवहार के आरोप में रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। मामले में कानून के अनुसार कार्रवाई की जा रही है।
कालिख पोतने का वीडियो वायरल
घटना के दौरान विद्यालय परिसर का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने की बात सामने आई है। वीडियो में एक छात्रा से आरोपी प्रिंसिपल के चेहरे पर कालिख लगवाने का दावा किया जा रहा है। हालांकि, वायरल वीडियो की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है।
मामले को लेकर पुलिस ने जांच शुरू कर दी है और घटनाक्रम से जुड़े सभी पहलुओं की पड़ताल की जा रही है। पुलिस का कहना है कि छात्रा की शिकायत के आधार पर प्रिंसिपल के खिलाफ मामला दर्ज कर नियमानुसार कार्रवाई की जा रही है।