रास्ते की मांग को लेकर मोबाइल टॉवर पर चढ़े दो युवक, आपातकालीन सेवाएं बाधित होने पर जताया विरोध

रास्ते की मांग को लेकर मोबाइल टॉवर पर चढ़े दो युवक, आपातकालीन सेवाएं बाधित होने पर जताया विरोध
चौखूंटी ओवरब्रिज क्षेत्र में संकरे रास्ते से परेशान लोग, एंबुलेंस व फायर ब्रिगेड के समय पर नहीं पहुंचने का आरोप
बीकानेर | Rkhabar
बीकानेर शहर के चौखूंटी ओवरब्रिज क्षेत्र में रास्ते की समस्या को लेकर सोमवार को विरोध का अनोखा मामला सामने आया। क्षेत्र में पर्याप्त रास्ता उपलब्ध कराने की मांग को लेकर दो युवक मोबाइल टॉवर पर चढ़ गए, जिससे मौके पर हड़कंप मच गया।
टॉवर पर चढ़ने वाले युवकों की पहचान विक्रम राजपुरोहित और अयूब कायमखानी के रूप में हुई है। दोनों का कहना है कि चौखूंटी ओवरब्रिज क्षेत्र में रास्ता बेहद संकरा होने के कारण आपातकालीन परिस्थितियों में एंबुलेंस, फायर ब्रिगेड और अन्य बड़े वाहन घटनास्थल तक नहीं पहुंच पाते। इससे मरीजों और अन्य जरूरतमंद लोगों की जान जोखिम में पड़ जाती है।
स्थानीय लोगों के अनुसार, रविवार को हुई एक दुखद घटना के दौरान भी एंबुलेंस घटनास्थल तक नहीं पहुंच सकी और उसे काफी दूर खड़ा करना पड़ा। इस घटना के बाद क्षेत्रवासियों में प्रशासन के प्रति नाराजगी और बढ़ गई। इससे पहले भी स्थानीय लोगों ने सड़क जाम कर विरोध-प्रदर्शन किया था, लेकिन समस्या का स्थायी समाधान नहीं होने पर युवकों ने टॉवर पर चढ़कर विरोध दर्ज कराया।
टॉवर पर मौजूद विक्रम राजपुरोहित ने कहा कि कई बार गंभीर स्थिति में समय पर एंबुलेंस और फायर ब्रिगेड नहीं पहुंच पाने से लोगों की जान चली जाती है। उन्होंने प्रशासन और राज्य सरकार से मांग की कि चौखूंटी क्षेत्र में रास्ते की समस्या का जल्द से जल्द स्थायी समाधान किया जाए।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची तथा दोनों युवकों को सुरक्षित नीचे उतारने के प्रयास शुरू कर दिए। मौके पर बड़ी संख्या में लोग एकत्र हो गए और प्रशासन स्थिति पर लगातार नजर बनाए हुए है।