सर्विस रोड पर दो सड़क हादसे: एक युवक की मौत, दूसरा गंभीर घायल, रॉन्ग साइड से चल रहा था

सर्विस रोड पर दो सड़क हादसे: एक युवक की मौत, दूसरा गंभीर घायल, रॉन्ग साइड से चल रहा था
रघुनाथगढ़। रानोली थाना क्षेत्र के गौरियां सर्विस रोड पर सोमवार को दो अलग-अलग सड़क हादसे हुए। इन हादसों में एक युवक की मौत हो गई, जबकि दूसरा गंभीर रूप से घायल हो गया। पहला हादसा सोमवार शाम को गौरियां सर्विस रोड पर हुआ। यहां ट्रैक्टर-ट्रॉली और बाइक की आमने-सामने की टक्कर में बाइक सवार युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। स्थानीय लोगों ने उसे तुरंत सीकर के कल्याण अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया। मृतक की पहचान गौरियां निवासी संजय बेटा रामेश्वर लाल जाट के रूप में हुई है। पुलिस ने शव को अस्पताल की मोर्चरी में रखवाकर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।
दूसरा हादसा रात करीब 10 बजे गौरियां स्थित होटल के पास हुआ। बाइक सवार युवक रानोली से सीकर की ओर जा रहा था, तभी रॉन्ग साइड में आ रही ट्रैक्टर-ट्रॉली ने उसे टक्कर मार दी। इस हादसे में पुरोहित का बास निवासी सुनील घायल हो गया। दुर्घटना के बाद ट्रैक्टर ड्राइवर मौके से फरार हो गया। रानोली पुलिस ने ट्रैक्टर-ट्रॉली की तलाश शुरू की, लेकिन देर रात तक उसका कोई सुराग नहीं मिल पाया। स्थानीय लोगों का आरोप है कि पुलिस द्वारा यातायात नियमों के पालन के लिए अभियान चलाए जाने के बावजूद गलत दिशा में चलने वाले वाहनों पर प्रभावी कार्रवाई नहीं हो रही है। लोगों का कहना है कि इसी लापरवाही के कारण एक ही दिन में दो गंभीर सड़क हादसे हुए, जिनमें एक युवक की मौत हो गई और दूसरा घायल हो गया।