माता-पिता की गोद में दो बच्चों की मौत, होली मनाने गांव जा रहा था परिवार
माता-पिता की गोद में दो बच्चों की मौत, होली मनाने गांव जा रहा था परिवार
बालोतरा में बस-ट्रेलर की भीषण भिड़ंत में 3 और 6 साल के दो सगे भाइयों की मां-बाप की गोद में मौत हो गई। हादसे में घायल नर्सिंग ऑफिसर पिता और मां की हालत गंभीर है, जिनका जोधपुर के हॉस्पिटल में इलाज चल रहा है। पूरा परिवार होली की छुट्टियां मनाने के लिए पोकरण (जैसलमेर) से जालोर के बागोड़ा में अपने पैतृक गांव राऊता जा रहा था। घटना बालोतरा जिले के सरवड़ी गांव NH 25 पर शुक्रवार शाम 4 बजे की है। हादसे में 6 लोगों की मौत हो गई। शव बस की खिड़कियों से लटक गए थे। एक बच्चे का हाथ कटकर सड़क पर गिर गया था। कुछ यात्रियों के शव क्षत-विक्षत हो गए। गांव के लोगों ने पास में ट्रैक्टर लगाकर घायलों को बाहर निकाला और हॉस्पिटल पहुंचाया। धारूराम निवासी बागोड़ा (जालोर) पोकरण (जैसलमेर) के जिला हॉस्पिटल में नर्सिंग ऑफिसर के पद पर तैनात हैं। परिवार में पत्नी बीबा के अलावा 2 बेटे शिवराज (3) और युवराज (6) थे। होली पर छुट्टी लेकर धारूराम परिवार के साथ प्राइवेट बस से पोकरण से जोधपुर होते हुए अपने पैतृक गांव जा रहे थे। लेकिन नेशनल हाईवे पर बस और ट्रेलर की टक्कर हो गई। हादसे में माता-पिता की गोदी में बैठे शिवराज और युवराज के सिर पर गंभीर चोटें आई, जिससे दोनों बच्चों की मौके पर ही मौत हो गई। जबकि पति- पत्नी गंभीर घायल हो गए।