दर्दनाक हादसा: नहर में डूबने से जेठ-बहू की मौत, बचाने की कोशिश में गई दोनों की जान

post 123 (1)

दर्दनाक हादसा: चूरू जिले के तारानगर थाना क्षेत्र के खरतवास गांव में रविवार को एक दर्दनाक हादसा हो गया। खेत में सिंचाई के दौरान नहर में गिरी बहू को बचाने के प्रयास में उसका जेठ भी नहर में कूद गया। तेज बहाव के कारण दोनों पानी में बह गए और उनकी मौत हो गई। घटना के बाद पूरे गांव में शोक का माहौल है।

तारानगर थानाधिकारी सतपाल बिश्नोई ने बताया कि जयवीर पुत्र महेंद्र धानक की रिपोर्ट पर मामला दर्ज किया गया है। रिपोर्ट के अनुसार, गांव निवासी प्रेम सिंह के खेत में राजूराम (38) और ढापा देवी (36) सिंचाई का कार्य कर रहे थे। इसी दौरान ढापा देवी का अचानक पैर फिसल गया और वह नहर में गिर गई।

बहू को डूबता देख राजूराम उसे बचाने के लिए तुरंत नहर में कूद गए, लेकिन पानी का बहाव तेज होने के कारण दोनों खुद को संभाल नहीं सके और बह गए।

घटना की सूचना मिलते ही तारानगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची। ग्रामीणों की मदद से दोनों के शव नहर से बाहर निकाले गए और पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल की मोर्चरी भिजवाए गए। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिए गए।

पुलिस ने बताया कि घटना के समय महिला के पीहर पक्ष के लोग भी अस्पताल में मौजूद रहे। मामले में रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है और पुलिस पूरे घटनाक्रम की जांच कर रही है।