खेलते-खेलते उबलते दूध के भगोने में गिरा मासूम, उपचार के दौरान हुई मौत

post 796 (1)

डीग। जिले के जनूथर कस्बे के निकट दांतलौठी गांव में घर के आंगन में खेलते समय उबलते दूध के भगोने में गिरने से गंभीर रूप से झुलसे एक मासूम की 15 दिन बाद उपचार के दौरान मौत हो गई। बच्चे की मौत से परिवार में कोहराम मच गया, जबकि पूरे गांव में शोक का माहौल है।

जानकारी के अनुसार, 4 जून की शाम विक्रम जाट का पुत्र गौतम फौजदार (गर्व) अपने बड़े भाई के साथ घर के आंगन में खेल रहा था। इसी दौरान खेलते-खेलते बड़े भाई ने उसकी टी-शर्ट पकड़ ली, लेकिन अचानक पकड़ छूटने से गौतम का संतुलन बिगड़ गया और वह पास में रखे उबलते दूध के भगोने में जा गिरा।

हादसे में मासूम गंभीर रूप से झुलस गया। परिजन उसे तुरंत कुम्हेर अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उसे भरतपुर रेफर कर दिया गया। हालत गंभीर होने पर चिकित्सकों ने उसे जयपुर के एसएमएस अस्पताल भेज दिया, जहां पिछले 15 दिनों से उसका इलाज चल रहा था।

बताया जा रहा है कि शुक्रवार तड़के उपचार के दौरान बच्चे की तबीयत अचानक बिगड़ गई और उसने दम तोड़ दिया। इसके बाद परिजन शव को गांव लेकर पहुंचे, जहां गमगीन माहौल में उसका अंतिम संस्कार किया गया।

ग्रामीणों के अनुसार, बच्चे के पिता विक्रम जाट मजदूरी के सिलसिले में गांव से बाहर रहते हैं। वहीं, बच्चे की मां ने हाल ही में दूसरे बच्चे को जन्म दिया है। बेटे की मौत की खबर से नवप्रसूता मां गहरे सदमे में है।

ग्रामीणों ने बताया कि रसोई और घरेलू कार्यों के दौरान छोटे बच्चों की सुरक्षा को लेकर विशेष सतर्कता बरतने की जरूरत है, ताकि इस तरह की दर्दनाक घटनाओं से बचा जा सके।

You may have missed