Suicide: 13 पन्नों का सुसाइड नोट लिख युवक ने दी जान, पत्नी व अन्य पर प्रताड़ना और संपत्ति विवाद के आरोप; पढ़े खबर

post 1822 (1)

सीकर जिले के हर्ष पर्वत पर करीब एक महीने पहले कटराथल निवासी युवक के आत्महत्या के मामले का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। इस मामले में पुलिस ने आत्महत्या के लिए उकसाने के आरोप में मृतक की पत्नी को गिरफ्तार किया है।

पुलिस के अनुसार, युवक रौनक ने आत्महत्या से पहले अपने मोबाइल में 13-14 पेज का सुसाइड नोट लिखा था। इसमें उसने पत्नी और उसके कुछ रिश्तेदारों पर गंभीर आरोप लगाए थे। युवक ने अपनी मौत से पहले मोबाइल में चैटिंग, ऑडियो-वीडियो कॉल के स्क्रीनशॉट समेत कई सबूत भी सुरक्षित रखे थे।

सुसाइड नोट में रौनक ने पत्नी अनीता, साढ़ू कुलदीप और एक अन्य युवक का जिक्र करते हुए आरोप लगाया कि इन लोगों की वजह से वह मानसिक रूप से बेहद परेशान था। उसने लिखा कि पत्नी का मोबाइल ट्रेस करने के बाद उसे कई चौंकाने वाली बातें पता चलीं, जिसके बाद वह तनाव में आ गया और यह कदम उठाने को मजबूर हुआ।

संपत्ति विवाद का भी जिक्र:-

रौनक ने अपने नोट में यह भी लिखा कि उसकी शादी नवंबर 2025 में हुई थी और पत्नी परिवार की संपत्ति पर कब्जा करना चाहती थी। उसने आरोप लगाया कि लगातार दबाव और विवाद के चलते उसकी मानसिक स्थिति बिगड़ती चली गई।

पुलिस ने पत्नी को किया गिरफ्तार:-

थाना अधिकारी राकेश मीणा के अनुसार, मामले में पर्याप्त साक्ष्य मिलने के बाद पत्नी अनीता को गिरफ्तार कर लिया गया है और उसे न्यायालय में पेश किया जाएगा। अन्य नामजद आरोपियों की भूमिका की भी जांच जारी है।

लंबे समय से था तनाव:-

सुसाइड नोट में युवक ने यह भी आरोप लगाया कि शादी के बाद से ही वह लगातार मानसिक प्रताड़ना झेल रहा था। गाली-गलौच, धमकियां और विवाद के कारण वह लंबे समय तक सदमे में रहा। साथ ही, पत्नी के कथित संबंधों और साजिशों को लेकर भी गंभीर आरोप लगाए गए हैं।